इंदौर. रविवार को शहर का माहौल राजनीतिक रंग लिए रहा। सुबह शहर में भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन के लिए राष्ट्रीय स्तर के नेता मौका-मुआयना करने पहुंचे। वहीं कांग्रेस राहुल गांधी के १९ जनवरी के दौरे की तैयारियों के बीच कांग्रेस की अंदरूनी कलह उजागर हुई।
17 से 19 फरवरी तक होने वाला भाजपा की राष्ट्रीय परिषद का अधिवेशन शहर के बायपास स्थित ओमेक्स सिटी में होगा। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी अनंतकुमार ने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश संगठन महामंत्री माखनसिंह व अध्यक्ष नरेंद्र तोमर के साथ दौरा करने के बाद ओमेक्स सिटी को हरी झंडी दे दी। अधिवेशन के अंतिम दिन होने वाली सभा के लिए विजयनगर स्थित रिलायंस का मैदान भी लगभग तय कर लिया गया है।
कार्यक्रम की तैयारियां देखने के साथ स्थल फाइनल करने रविवार सुबह इंदौर पहुंचे अनंतकुमार ने मुख्यमंत्री व प्रदेश अध्यक्ष के साथ सुबह से शाम तक विभिन्न स्थानों का जायजा लिया। इस बीच मुख्य कार्यक्रम स्थल को लेकर दोपहर तीन बजे पार्टी कार्यालय बैठक हुई जिसमें ओमेक्स सिटी में नेताओं को ठहराने और राष्ट्रीय परिषद की बैठक का निर्णय लिया गया।
शाम पांच बजे श्री कुमार ने मुख्यमंत्री और पार्टी नेताओं के साथ विजयनगर स्थित रिलायंस मैदान का जायजा लिया। मैदान को सभा के लिए उन्हें प्रदेश के उद्योग मंत्री कैलाश विजयवर्गीय व अन्य नेताओं ने यातायात आदि की दृष्टि से बेहतर बताया।
मालवा की पंरपरा के अनुरूप होगा स्वागत- मुख्यमंत्री ने कहा प्रदेश में पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक और सम्मेलन का आयोजन गर्व की बात है। मालवा की संस्कृति और परंपरा के अनुसार अतिथियों का स्वागत किया जाएगा।
भाजपा का टर्निग पॉइंट होगा इंदौर का अधिवेशन
अधिवेशन पार्टी की नई दिशा तय करने वाला होगा। अधिवेशन के बाद बड़े पैमाने पर संगठन में फेरबदल होगा। रविवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए श्री कुमार ने कहा इस अधिवेशन में हमारा संकल्प है कि यह पार्टी के लिए एक टर्निग पॉइंट होगा।










