जयपुर। जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल गुरुवार से डिग्गी पैलेस में सुबह 10 बजे शुरू होने जा रहा है और 25 जनवरी शाम तक चलेगा। उद्घाटन फिल्म अभिनेता और नाटककार गिरीश कर्नाड करेंगे। लगातार पांचवें साल जयपुर में हो रहा यह आयोजन एक तरह से साहित्य का छोटा कुंभ होगा। इस विश्व चर्चित आयोजन में हिन्दी, अंग्रेजी, राजस्थानी, पंजाबी, कन्नड़, मराठी, बांग्ला, संस्कृत, प्राकृत, फ्रेंच जैसी भाषाओं के चोटी के साहित्यकार शामिल होंगे।
यह आयोजन भारतीय भाषाओं और विश्व की भाषाओं के बीच समन्वय और इनके साहित्यकारों के बीच सेतु का काम करेगा। आयोजन में दैनिक भास्कर ने भी ‘भास्कर स्वरमाला’ नामक श्रंखला प्रायोजित की है। इसमें फिल्मकार और शायर गुलजार तथा अशोक वाजपेयी सहित कई मशहूर हस्तियां शामिल होंगी। शबाना आजमी भी गुरुवार को आएंगी और अपने पिता कैफी आजमी के बारे में अपनी मां के लिखे संस्मरण बताएंगी।
फिल्मकार नवीन किशोर महाश्वेता देवी के लेखन पर चर्चा करेंगे और राजा रवि वर्मा की क्लासिकल और लोकप्रिय सृजन पर भी संवाद होगा। जानेमाने अंग्रेजी लेखक विलियम डेलरिंपल टी टाइम फॉर दॅ ट्रेडिशनल पर संवाद शुरू करवाएंगे। लेकिन देर शाम को सहभागियों के लिए सबसे ज्यादा रुचि का केंद्र शाम छह बजे नाटक तुगलक की प्रस्तुति होगी, जिसे जाने-माने अभिनेता ओम पुरी पढ़ेंगे।
ये भी शामिल होंगे : जावेद अख्तर, शोभा डे, प्रसून जोशी, ओम प्रकाश वाल्मीकि, कांचा इलैया, मैक्स रोडेन बेक, किश्वर देसाई, सौम्या भाटाचार्य, ईसाबेल हिल्टन, ऑस्कर पुजोल, विक्रम चंद्रा, मृदुल बिहारी, हेतु भारद्वाज आदि।










