इंदौर. सिरपुर स्थित ईंट-भट्ठा परिसर में प्रवेश की बात को लेकर रविवार दोपहर सातु-संत और भट्ठा संचालक आमने-सामने हो गए। उन्होंने साधु-संतों पर ईंट और पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे संतों सहित पांच-छह लोग घायल हो गए। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए साधु-संतों ने चंदननगर थाने का घेराव कर दिया। पांच आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज होने व तीन की गिरफ्तारी के बाद मामला शांत हुआ।
सिरपुर स्थित प्राचीन खेड़ापति मंदिर में चल रहे श्रीराम महायज्ञ का रविवार को आखिरी दिन था। यहां भंडारे में शामिल होने के लिए कई साधु-संत आए हुए थे। मंदिर से लगे ईंट भट्ठे में प्रवेश की बात को लेकर भट्ठा संचालक और साधु-संतों में विवाद हो गया। भट्ठा संचालकों ने साधु-संतों पर ईंटें और पत्थर फेंकी जिससे वंृदावन के श्री भगवतदास महाराज सहित पांच-छह साधु-संत और आम लोग घायल हो गए।
इससे आक्रोशित संत क्षेत्र के लोगों को लेकर चंदन नगर थाना पहुंचे और थाने का घेराव कर दिया। पुलिस ने थाने का चैनल गेट बंद कर लिया। फिर स्थिति काबू में कर पांच लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर भट्ठा संचालक रम्मू, चंद्रशेखर, निरंजन, ईश्वर और सोनू को गिरफ्तार कर लिया। टीआई अजय कैथवास ने बताया निरंजन और ईश्वर फरार हैं, उनकी तलाश की जा रही है।
सालों से चल रहा है विवाद : सूत्रों के अनुसार मंदिर से लगी जमीन को लेकर साधु-संत और भट्ठा संचालकों में लंबे समय से विवाद चल रहा है। यह भी बताया जा रहा है वह जमीन सरकारी है। इस संबंध में टीआई का कहना है कि इसका फैसला जिला प्रशासन करेगा।










