पंचकूला. द ब्रिटिश स्कूल की ओर से गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को सेक्टर—3 स्थित जिमखाना क्लब में बच्चों के लिए रंगारंग कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि हरियाणा के मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. के.के. खंडेलवाल थे। रविवार का दिन होने के चलते काफी बच्चों ने प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में भाग ले रहे बच्चे विभिन्न वेशभूषाओं में सजे हुए थे।
कोई स्वतंत्रता सेनानी बना था, तो कोई बिजनेस जगत का बादशाह। इन बच्चों का आत्मविश्वास और जोश देखते ही बन रहा था। चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों से सर्दियों का दृश्य पेश करने को कहा गया था। कुछ बच्चों ने रुई के फाहों सी गिरती बर्फ को कागज पर चित्रित किया तो कुछ ने सर्दियों के दृश्य प्रस्तुत किए। छह से आठ वर्ष तक के आयु वर्ग के बच्चों के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता का एक अन्य विषय राष्ट्रीय चिह्न् भी था।
इसी तरह 8 से 12 वर्ष के बच्चों को ड्रॉइंग शीट्स पर गणतंत्र दिवस के उत्सव को उकेरने को कहा गया। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता की 6 से 8 वर्ष तक के आयु वर्ग में जसरीत शर्मा ने पहला, जानुश ने दूसरा और तुषार ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसी प्रतियोगिता में 8 से 12 वर्ष की दूसरी कैटेगरी में प्रथम तीन पुरस्कार रिया पठानिया, जिया मग्गू और पुरुजीत वत्स को मिले। चित्रकला प्रतियोगिता में पहली कैटेगरी में सिद्धार्थ पुरी, इनायत मेहता एवं आयुषी गुप्ता तथा दूसरी कैटेगरी में पारितोष सिंह, दीपित वर्मा एवं वंश भटनागर विजेता रहे।
प्रतियोगिताओं में ब्रिटिश स्कूल के अलावा लिटिल फ्लावर कॉन्वेंट, सेंट स्टीफंस चंडीगढ़ और हंसराज पब्लिक स्कूल के बच्चों ने भी भाग लिया। इसी तरह की प्रतियोगिताएं पंचकूला के सेक्टर—4 स्थित आर्मी फ्लैट्स में भी आयोजित की गईं। यहां बच्चों ने बेकार वस्तुओं से उपयोगी आइटम तैयार किए। कार्यक्रम में निर्णायक की भूमिका में मौजूद पिंकी ग्रेवाल ने बच्चों की रचनात्मकता की सराहना की। द ब्रिटिश स्कूल की डायरेक्टर गीतिका सेठी ने बताया कि वे बच्चों को यह समझाने का प्रयास कर रहे हैं कि स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारियां भी होती हैं और इसकी अनदेखी नहीं होनी चाहिए। कार्यक्रम के अंत में अच्छा प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया।










