जयपुर. नई फिल्म ‘वीर’ के प्रमोशन के लिए देशभर में घूम रहे अभिनेता सलमान खान की दीवानगी में रविवार को राजधानी में उनके प्रशंसकों को पुलिस की लाठियां झेलनी पड़ीं। आयोजको की घोषणा के मुताबिक जयपुर मैराथन के तहत ड्रीम रन के समापन पर सलमान को विजेताओं को पुरस्कार देने थे, लेकिन वे पहुंचे नहीं।
प्रशंसकों ने जब सलमान को बुलाने की मांग की तो हालात से निबटने के नाम पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। कई धावक और बच्चे भगदड़ में जख्मी हो गए। इस दौरान, मिनरल वाटर और कोल्डड्रिंक्स की बोतलें भी फेंकी गईं। मैराथन की शुरुआत में रामनिवास बाग के बाहर बने मंच से घोषणा की गई थी कि ड्रीम रन की समाप्ति पर विजेताओं को सलमान खान प्रशस्ति-पत्र देंगे।
हालांकि दौड़ की शुरुआत में भी हंगामा होते-होते बचा था। वहां भी सलमान को देखने बड़ी संख्या में प्रशंसक पहुंच गए थे। आयोजकों ने सलमान को पीछे से निकालकर कार में रवाना करने की कोशिश की तो प्रशंसकों ने गाड़ी को घेर लिया। वहां भी पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
बाद में, सलमान के हाथों वर्ल्ड ट्रेड पार्क स्थित समापन स्थल पर पुरस्कार बांटने की घोषणा की गई। जब सलमान वहां नहीं पहुंचे तो प्रशंसक उन्हें स्टेज पर बुलाने की मांग करने लगे। काफी देर तक सुनवाई नहीं हुई तो हूटिंग शुरू कर दी। इस पर प्रशंसकों व आयोजकों के बीच तकरार भी हुई।
हालात बिगड़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, जिससे भगदड़ मच गई। पुलिस का कहना है कि कार्यक्रम के दौरान कुछ लोग वाटर काउंटर में भी घुस गए और मिनरल वाटर की बोतलें फेंकना शुरू कर दिया, जिससे माहौल बिगड़ गया।
ड्रीम रन के समापन पर सलमान के पहुंचने का कार्यक्रम ही नहीं था। लाठीचार्ज नहीं किया, केवल लाठियां बजाई थीं। चूंकि प्रशंसक दौड़ नहीं रहे थे, इसलिए आयोजकों ने कह दिया था कि क्लोजिंग पर सलमान पहुंचेंगे। - बीजू जार्ज जोसफ, पुलिस अधीक्षक










