जयपुर। अवैध संबंध के शक में ममेरे भाई की हत्या कर फरार हुए आरोपी और उसकी पत्नी को पुलिस ने सोमवार सुबह बांसखो से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने रविवार दोपहर को गोपालजी के रास्ते में देवीलाल उर्फ दीपक को पत्नी के सामने चाकू से गोद दिया था। उसने दो चाकू सुबह रामगंज से खरीदे थे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल गोठवाल ने बताया कि राणा बस्ती (शास्त्री नगर) का रहने वाला सुरेश कुमार साहू (30) देवीलाल को चाकू मारने के बाद पत्नी मोना (28) को लेकर अपनी बुआ के पास बांसखो चला गया। उसने बुआ को बताया था कि दोनों घूमने के लिए आए हैं।
शराब के नशे में राज बता दिया: मोना ने पुलिस को बताया कि घटना के तीन दिन पहले देवीलाल ने सुरेश के दोस्त मुकेश के साथ शराब पी और नशे में बता दिया कि उसके अभी भी मोना से संबंध हैं। यही बात मुकेश ने सुरेश को बताई।
पत्नी को भी फंदे पर लटकाने का प्रयास किया था : सुरेश कुमार ने पुलिस पूछताछ मे बताया कि कुछ माह पहले उसके छोटे भाई के रिश्ते के लिए कुछ लोग आए थे। दीपक ने इस रिश्ते को यह कहकर तुड़वा दिया था कि उसकी भाभी से उसके प्रेम संबंध हैं। इसके बाद दोनों में मारपीट भी हुई थी। प्रेम संबंध को लेकर आरोपी ने एक बार पत्नी मोना को फंदे से लटकाना चाहा तो परिजनों ने मामला शांत कराया। बाद में सुरेश ने देवीलाल की हत्या की साजिश रची। मोना ने बताया कि अगर वह इंकार करती तो सुरेश उसकी भी हत्या कर देता।










