पंचकूला. बीएसएफ की तर्ज पर आईटीबीपी भी देश की सीमा की रखवाली के लिए महिलाओं की तैनाती करने जा रही है। आईटीबीपी की पहली महिला बटालियन में पहले चरण में 209 बहादुर महिलाएं ली गई हैं। ये महिलाएं उत्तरांचल, हरियाणा व पंजाब सहित देश के विभिन्न हिस्सों से हैं। इनकी 44 सप्ताह की ट्रेनिंग रामगढ़ के पास आईटीबीपी के बेसिक ट्रेनिंग सेंटर भानू में अंतिम चरण में है। ट्रेनिंग में फायरिंग व आंतरिक सुरक्षा सहित हर किस्म की कठिन परिस्थितियों में काम करना शामिल है।
देश की हिफाजत के लिए जान तक कुर्बान करने का जज्बा रखने वाली ये महिलाएं 29 जनवरी को शपथग्रहण व दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेने के बाद विधिवत रूप से आईटीबीपी का हिस्सा बन जाएंगी। आईटीबीपी के कमांडेंट ईश्वर सिंह दुहन के अनुसार शपथग्रहण व दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता सुबह 10.15 बजे केंद्रीय गृहमंत्री पी. चिदंबरम करेंगे। इसके बाद इन महिला सैनिकों को भारत-चीन सीमा के अलावा कैलाश मानसरोवर यात्रा जैसी महत्वपूर्ण तैनातियों पर भी भेजा जाएगा।
महिला बटालियन के दूसरे चरण में देश के विभिन्न हिस्सों से 145 महिलाएं होंगी। इनकी ट्रेंनिंग चल रही है। भारत सरकार ने पिछले साल आईटीबीपी में एक महिला बटालियन के गठन की स्वीकृति दी थी। इससे पहले सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने महिलाओं की भागीदारी हो चुकी है।










