चंडीगढ़. सेक्टर—37 में बत्रा सिनेमा से कुछ दूर पेट्रोल पंप के सामने बुधवार शाम फायरिंग की सूचना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मौके पर कई अधिकारी पहुंचे। पुलिस को जांच में गोली चलने का कोई साक्ष्य नहीं मिला। हालांकि आसपास के लोगों ने गोली की आवाज सुनने का दावा किया है। एक व्यक्ति ने कहा है कि उसने लोगों को फायरिंग करते हुए देखा है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने एक काले रंग की होंडा सिटी कार का नंबर भी नोट किया है। पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवा कर अपनी कार से जा रहे सुखविंदर का दावा है कि कुछ लोग हाथों में डंडे आदि लेकर दो लोगों के पीछे भाग रहे थे। इस दौरान भाग रहे दो लोगों में से एक ने आत्मरक्षा में हवाई फायरिंग की। इसके बाद पीछा कर रहे लोग भाग गए। दोनों लोग थोड़ी ही दूर पर खड़ी काले रंग की होंडा सिटी कार में बैठ भाग निकले।
कार का नंबर नोट कर लिया गया है। मौके पर पहुंचे डीएसपी जेएस खैरा ने बताया कि लोगों ने गोली चलने या एेसी ही कोई आवाज सुनने की पुष्टि की है। कुछ लोगों ने कार का नंबर भी दिया है। जिससे भागने वाले लोगों ने कथित रूप से गोली चलाई। उन्होंने कहा कि कारतूस का कोई खोल आदि मौके से नहीं मिला है। कार के नंबर के आधार पर जांच की जा रही है। यह नंबर हरियाणा का है। इस घटना के बाद से इलाके में दहशत है।










