जयपुर. पहले काम मांगा और काम मिलने के बाद व्यवसायी की कमियां ढूंढीं और फिर कलेक्शन के पौने पांच लाख रुपए डकार गया। जब व्यवसायी ने कलेक्शन के रुपए जमा कराने को कहा तो आरोपी ने प्रतिद्वंद्वी व्यवसायियों को कच्च चिट्ठा बताने की धमकी दी और पांच लाख रु. और मांग लिए।
इस पर पीड़ित व्यवसायी थाने पहुंचा और धोखाधड़ी व धमकी देने का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने शुक्रवार को दौसा के चांदराना गांव निवासी आरोपी दीपक गुप्ता (24) को गिरफ्तार कर लिया। दीपक विद्याधर नगर निवासी आशीष कुमार की नाहरगढ़ रोड स्थित यूनाइटेड प्लाइवुड पर कलेक्शन का काम करता है।
फर्म के मालिक विद्याधर नगर निवासी आशीष कुमार ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी करने तथा धमकी देने का मामला गुरुवार को दर्ज कराया। मामले के अनुसार दीपक ने पांच, छह तथा सात जनवरी को कुछ फर्मो से करीब पौने पांच लाख रुपए का कलेक्शन किया, लेकिन उसने यह राशि जमा नहीं कराई।
इस पर उससे जब रुपए जमा कराने को कहा गया तो वह व्यवसायी को धमकाने लगा तथा कहा कि पांच लाख रुपए और दो नहीं तो वह प्रतिद्वंद्वी व्यवसायियों को उसकी कमियांे के बारे में बता देगा। इसके बाद उसने व्यवसायी के मोबाइल पर मैसेस भेजकर मीटिंग करने तथा पांच लाख रुपए नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी।











