जयपुर. जोधपुर के पूर्व महाराजा गजसिंह की चोरी गई मर्सिडीज कार शुक्रवार सुबह सीकर रोड पर विश्वकर्मा थाने के पास लावारिस हालत में मिल गई। इसमें चाबी लगी हुई थी तथा आगे—पीछे की नंबर प्लेट गायब थी। सांगानेर सदर थाना पुलिस ने इसे बरामद कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक (पूर्व) बीजू जॉर्ज जोसफ ने बताया कि कार में वही चाबी लगी हुई थी, जो इसके चालक ने वर्कशॉप के मैनेजर को दी थी। ऐसे में वर्कशॉप के ही किसी कर्मचारी का हाथ हो सकता है। गाड़ी की नंबर प्लेट गायब थी। इस संबंध में गाड़ी के चालक उम्मेद भवन पैलेस जोधपुर के कर्मचारी हरिसिंह ने मामला दर्ज कराया है।
नाकाबंदी देख छोड़ भागे
वर्कशॉप के कर्मचारियों ने पुलिस को बताया था कि कार के गियरों में कुछ खराबी थी। इस कारण वह तीस किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से ज्यादा नहीं चल सकती। इस आधार पर पुलिस ने सख्त नाकाबंदी कराई। चोर नाकाबंदी देख विश्वकर्मा थाने से पहले कुछ दूरी पर कार छोड़कर फरार हो गए।
अपनी पीठ थपथपा रही है पुलिस
मर्सिडीज चोरी की सूचना के बाद सांगानेर सदर थाना पुलिस सहित जयपुर शहर पूर्व पुलिस के अधिकारी कुछ भी नहीं बता रहे थे। यहां तक की मर्सिडीज चोरी की जानकारी लेने पर सांगानेर सदर पुलिस तो यह कहती रही कि मामले में परिवादी अभी तक थाने पर आया ही नहीं है। बाद में, सुबह जब विश्वकर्मा थाना पुलिस की नाकाबंदी देखकर चोर कार छोड़ गए तो सांगानेर सदर पुलिस अपनी पीठ थपथपाने लग गई।
चाबी किसने चुराई
कार मिल गई, लेकिन पुलिस अभी तक यह पता नहीं कर सकी है कि मैनेजर के कक्ष से किसने इसकी चाबी चुराई। पुलिस इसमें किसी परिचित या वर्कशॉप के कर्मचारी या किसी चालक की मिलीभगत मान रही है, लेकिन अभी तक मर्सिडीज चुराने वाले पुलिस पकड़ से बाहर हैं।











