मेडिकल स्टोर के गोदाम से
नशीली दवाएं बरामद
भास्कर न्यूज & फतेहाबाद
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार को ठाकर बस्ती में एक मेडिकल स्टोर के गोदाम में छापामार कर हजारों रुपयों की नशीली दवाइयां बरामद कीं। टीम ने बरामद दवाओं को कब्जे में लेकर गोदाम सील कर दिया।
नेशनल हाइवे स्थित सेंट्रल बैंक के समीप मदान मेडिकल स्टोर है। मेडिकल के संचालक मनोज कुमार ने ठाकर बस्ती में एक किराए में मकान में दवाओं का अनधिकृत रूप से गोदाम बना रखा था। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली कि गोदाम में प्रतिबंधित दवाएं रखी हुई हैं। सूचना मिलने पर हिसार मंडल के सीनियर ड्रग्स कंट्रोलर डॉ. नरेंद्र आहूजा के नेतृत्व में गठित टीम ने सोमवार दोपहर गोदाम पर छापा मार दिया। यहां से उन्होंने करीब 14 प्रकार की अलग-अलग नशीली व प्रतिबंधित दवाइयां बरामद की। इनमें पशुओं को लगाने वाले इंजेक्शन भी शामिल थे, जिन्हें बेचने पर प्रतिबंध है। डॉ. नरेंद्र आहूजा ने बताया कि बरामद दवाइयों को कब्जे में लेकर मेडिकल सील कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के चलते मेडिकल संचालकों में दिनभर हड़कंप की स्थिति बनी रही।










