इंदौर. चिड़ियाघर प्रशासन जल्द ही 15 लाख रुपए खर्च कर नए जानवर खरीदेगा। पहले इसके लिए 10 लाख रुपए का सालाना बजट था, जिसे बढ़ाकर अब 15 लाख कर दिया गया है। केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण की सूची में नहीं आने से जिन जानवरों को एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत नहीं ला सकते, इस राशि से उन्हें खरीदा जाएगा।
चिड़ियाघर प्रशासन ने ऐसे करीब दर्जनभर जानवरों की सूची तैयार की है। पिछले कुछ सालों में चिड़ियाघर इस राशि का उपयोग नहीं कर पाया है। इस बार फरवरी में ही इमू, चिम्पांजी और कुछ अन्य जानवर लाए जाएंगे। चिड़ियाघर प्रशासन ने लंबे समय से दिल्ली में अटके मास्टर प्लान की मंजूरी के लिए भी प्रयास शुरू कर दिए हैं।
इसलिए बढ़ाई राशि
चिड़ियाघर प्रशासन ने राशि इसलिए भी बढ़ाई क्योंकि पिछले कुछ महीनों में चिड़ियाघर में 40 से ज्यादा जानवरों की मौत हो चुकी है। दर्शकों की तरफ से भी नए जानवर लाने की मांग उठ रही थी। एनिमल एक्सचेंज योजना के तहत नए जानवरों को लाने की प्रक्रिया बेहद धीमी और असफल होने से अब इस योजना पर ध्यान दिया जा रहा है।
जल्द दिल्ली जाएंगे
हम कुछ नए जानवर खरीदेंगे। इसके लिए बजट 15 लाख रुपए कर दिया है। मास्टर प्लान के लिए जल्द ही हम दिल्ली जाएंगे और उम्मीद है उसके बाद प्रक्रिया तेज होगी। -डॉ. उत्तम यादव, प्रभारी अधिकारी, चिड़ियाघर










