ऑटोचालकों ने की आज से हड़ताल की घोषणा
जयपुर. ऑटोरिक्शा चालकों की यूनियनों ने गुरुवार से अनिश्चिकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय किया है। कुछ यूनियनों का दावा है कि इस हड़ताल में स्कूलों में चलने वाले ऑटोरिक्शा भी संचालित नहीं होने दिए जाएंगे।
जयपुर जिला न्यू पिंकसिटी ऑटोचालक संघ के सचिव कुलदीप सिंह ने बताया कि बुधवार रात 12 बजे से ही ऑटोरिक्शा का संचालन बंद कर दिया गया है। यह निर्णय मीटर रीडिंग से किराया वसूलने को लेकर की जा रही सख्ती के खिलाफ है। जब तक दरें संशोधित कर बढ़ाई नहीं जाएंगी, यह हड़ताल जारी रहेगी। जयपुर ऑटोरिक्शा चालक संघर्ष समिति ने भी गुरुवार सुबह 6 बजे से हड़ताल पर रहने की घोषणा की है।
लालझंडा ऑटोचालक यूनियन के अध्यक्ष बाबू भाई ने बताया कि स्कूलों में संचालित ऑटोरिक्शा भी नहीं चलने दिए जाएंगे। उन्होंने अभिभावकों से अनुरोध किया है कि वे अपने बच्चों को स्कूल पहुंचाने व लाने की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित कर लें। मामले के संबंध में 5 फरवरी सुबह 10 बजे कलेक्ट्रेट पर सभा की जाएगी।










