Thursday, Feb 4th, 2010, 8:01 am [IST]  
  • + comment
  • |
  • +Share

danik bhaskarभाजपा ने झोंकी पूरी ताकत

Bhaskar News

इंदौर. कुशाभाऊ ठाकरे नगर में भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के अधिवेशन की तैयारियों में पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। बुधवार को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अनंतकुमार, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी, प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्रसिंह तोमर और संगठन महामंत्री माखनसिंह ने इंदौर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।



सुबह नौ बजे ये सभी दशहरा मैदान पहुंचे और निरीक्षण के बाद सभा के लिए उसे उपयुक्त बताया। इसके बाद उन्होंने अधिवेशन स्थल का जायजा लिया। पैदल और साइकिल से भ्रमण के दौरान अनंतकुमार तैयारियों से संतुष्ट नजर आए। उन्होंने कहा पूरे परिसर में प्रबंधक व व्यवस्था में लगे लोग साइकिल का ही उपयोग करेंगे। बैठक में शामिल होने वाले प्रतिनिधि पैदल चलेंगे।



पत्रकारों से चर्चा में श्री कुमार ने बताया यहां बसाई जा रही तंबुओं की नगरी भारतीय राजनीति में एक अनोखा प्रयोग है। भाजपा ने गांव के भारत और शहर के इंडिया का पूरा ख्याल रखते हुए तैयारियां की हैं। हाईटेक मीडिया सेंटर के अलावा राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्यों और राष्ट्रीय परिषद के प्रतिनिधियों के लिए तंबुओं की अलग-अलग व्यवस्था की गई है। कार्य परिषद के दो सदस्यों के लिए एक तंबू होगा जबकि परिषद के चार प्रतिनिधि एक तंबू में साथ रहेंगे।



बदलते मौसम को देखते हुए तंबुओं में पंखों की व्यवस्था के निर्देश श्री कुमार ने दिए। इस दौरान प्रदेश के सह संगठन मंत्री भगवतशरण माथुर, उपाध्यक्ष अनिल माधव दवे, विजयेंद्र चौहान, महापौर कृष्णमुरारी मोघे, नगर अध्यक्ष सुदर्शन गुप्ता, प्रदेश मंत्री बाबूसिंह रघुवंशी, विधायक रमेश मेंदोला, प्रदेश मीडिया प्रभारी गोविंद मालू, भंवरसिंह शेखावत, मुकेश राजावत, उमेश शर्मा, आलोक दुबे आदि भी उपस्थित थे।



दिग्विजयसिंह को भी खिलाएंगे खाना- पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह द्वारा फाइव स्टार का खाना खाने के लगाए गए आरोप पर श्री कुमार ने कहा पार्टी के सादगीभरे व्यवहार के कारण गंठबंधन सहित देश के आठ प्रदेशों में उसकी सरकार है। हर कार्यक्रम कार्यकर्ता के बूते होता है। भोजन भी यहीं पकेगा और अगर दिग्विजयसिंह यहां आए तो उन्हें भी खाना खिलाएंगे।



डांट लो पर नहीं होगा बदलाव- श्री कुमार और श्री नकवी कुशाभाऊ ठाकरे उस वक्त चौंक गए जब उद्योग मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा सारी तैयारियां पूरी होने को है और इसमें कोई बदलाव की गुंजाइश नहीं है। आप बदलाव के लिए न कहें, भले ही बाद में मुझे इसके लिए डांट लेना।



मीडिया की मौजूदगी और अन्य नेताओं की उपस्थिति को ताड़ते हुए श्री कुमार और नकवी ने हंसी-मजाक में टाल दिया। श्री विजयवर्गीय ने प्रवेश द्वार से लेकर पंजीयन, मीडिया सेंटर, नियंत्रण कक्ष सहित आखिरी छोर हेलिपेड तक का निरीक्षण राष्ट्रीय नेताओं को करवाया। वरिष्ठ नेताओं और प्रतिनिधियों के लिए बनाए गए तंबुओं की भीतरी व्यवस्थाओं से पार्टी नेता संतुष्ट दिखे। अधिवेशन स्थल के प्रमुख 160 फीट चौड़े और 300 फीट लंबे पंडाल में नेताओं के लिए 80 फीट चौड़ा और 40 फीट लंबाई का 6 फीट ऊंचा मंच बनाया जाएगा। इसमें 50 नेताओं के बैठने की व्यवस्था रहेगी।



पहुंचे दशहरा मैदान- अधिवेशन की समाप्ति दशहरा मैदान पर पार्टी के दिग्गज नेताओं की आमसभा से होगी। बुधवार को फाइनल किए गए सभास्थल दशहरा मैदान पर 19 फरवरी को अधिवेशन स्थल से पार्टी के नेता, प्रतिनिधि और कार्यकर्ताओं को बसों के जरिए लाया जाएगा। दोपहर तीन बजे सभा आयोजित होना है, ऐसे में नेताओं ने तीन बजे का दौरा तय किया। तीन बजे श्री मोघे, श्री लालवानी आदि वापस दशहरा मैदान पहुंचे। सूरज की स्थिति के कारण उन्होंने मंच की दिशा बदलने का निर्णय लेकर तैयारियां शुरू करवाई।



श्री मोघे ने कहा दोनों स्थानों के मंचों की डिजाइन तैयार की जा रही है। इसके लिए राष्ट्रीय नेताओं से चर्चा कर ली गई है। यहां करीब एक लाख लोगों को जुटाने की तैयारियां की जा रही है।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: