चमचागिरी तेरा ही आसरा..
प्राचीन काल में राजाओं के दरबार में चाटुकार और विदूषक होते थे। चाटुकार राजा के हर अच्छे-बुरे काम की प्रशंसा करते थे। यहां तक कि राजा की प्रशंसा कर राजा का प्रिय बने रहने के लिए वो अन्य दरबारियों का भी अपमान करने से नहीं चूकते थे। राजा भी ऐसे दरबारियों से असर ख़ुश रहा करते थे। मीर राजा के दरबार में तरह-तरह के करतब दिखाकर राजा को ख़ुश करते थे और नगर-नगर, गांव-गांव जाकर, गीत गा-गाकर राजा की प्रशंसा किया करते थे।
मीरों और चाटुकारों का बिगड़ा हुआ रूप हैं, आज के चमचे। चमचा मतलब ‘चरणामृत चाखू’ या ‘चरण मखन चाटू।’
यों तो रसोई में तरह-तरह के चमचे होते हैं, जैसे छोटा चमचा, बड़ा चमचा - खाना परोसने का चमचा, खाने का चमचा, मीठा खाने का चमचा, चाय में चीनी मिलाने का चमचा आदि आदि.. रसोई में इन चमचों की उपयोगिता एक गृहिणी ही बेहतर जान सकती है। इसी तरह समाज में भी तरह-तरह के चमचों से आपका सामना हो सकता है।
यहां चमचों के भी चमचे होते हैं। यह बात सौलह आने सच है कि रसोई में चमचे जितने श्रेष्ठ हैं, समाज में ये चमचे उतने ही पथभ्रष्ठ हैं।
आज के चमचों की ख़ासियत यह है कि समाज में अपना बरतन ये स्वयं ढूंढ़ते हैं, और ये उस बरतन के लिए कितने उपयोगी हो सकते हैं, ये भी स्वयं ही बताते हैं। जैसे ही इन्हें अपनी पसंद का बरतन मिलता है, ये उसकी पैंदी से जौक की तरह चिपक जाते हैं।
ये चमचे ऐसा बरतन ढूंढ़ते हैं, जिसमें इनकी पांचो उंगलियां घी में रहें और मुंह दूध मलाई में। चरण चुबंन में इनकी बहुत श्रद्धा है। चमचे आप को हर जगह मिलेंगे, द़फ्तर, व्यापार, सरकार हर जगह। समाज का कोई कोना इनसे बचा नही है।
‘संस्था हो या संस्थान, द़फ्तर ही इनका प्रमुख स्थान, जहां से ये कभी नहीं करते प्रस्थान’
चमचे वो ‘कैक्टस’ हैं, जो कहीं भी फल-फूल जाते हैं, पर अपने आसपास के फूलों की ख़ुशबू निचोड़कर उन्हें रंग और गंधहीन बना देते हैं। कर्म से इन्हें कोई मतलब नहीं होता। इनकी निग़ाह तो बस निशाना बींधने पर ही रहती है। काम कैसे होना है, किस तरह होना है, से इन्हें कोई मतलब नहीं, काम होना चाहिए उसके लिए कोई भी हद इनके लिए बहुत मामुली होती है।
कर्म नहीं, धर्म नहीं और कोई ईमान नहीं मूलमंत्र है एक ‘या चमचागिरी तेरा ही आसरा’
चमचों की विशेषताओं को या तो वह जान सकता है, जिसको चमचों के बिना नींद भी नहीं आती या फिर एक चमचा ही जान सकता है, हम जैसे मूर्ख अज्ञानियों को उनकी उपयोगिता का अंदाज नहीं हो सकता। हम जैसे लोग तो बस इनकी बुराई करते रह जाते हैं, पर ये अपने समय और संबंधों का पूरा सदुपयोग कर अपना हर काम निकाल लेते हैं।
नेता का हो या अभिनेता का
या हो अफसर का चहेता
मन में इसके जहर भरा,
बातों से शहद टपकता
है ये बिन पेंदी का लोटा
कभी इधर लुढ़कता
कभी उधर लुढ़कता
चमड़ी का इतना मोटा
इस पर किसी बात का
असर ना होता।
ये पहले भी थे, आज भी हैं, आगे भी रहेंगे। रंग बदलते है, रुप बदलते हैं, बदलते रहेंगे। इनके क़द्रदान इन्हें हमेशा प्रश्रय देते रहेंगे। और ये ऐसे ही फलते फूलते रहेंगे। इनका आप कभी भी कुछ भी नहीं बिगाड़ पाएंगे। अगर आप किसी कार्यालय में काम करते हैं, तो आप ऐसे लोगों को ख़ूब पहचानते होंगे। पर याद रखिए, जरा इनसे बचकर रहिएगा, योंकि यह नहीं हो सकता कि यह आपके कार्यालय में न हों।










