बीआरटीएस कॉरिडोर जुलाई तक
इंदौर. एबी रोड पर बीआरटीएस कॉरिडोर बना रही प्रतिभा कंपनी के कर्ताधर्ताओं ने दावा किया है कि वे 31 जुलाई तक उपलब्ध जमीन पर सड़क बना देंगे। काम की गति महीनेभर में दिखने लगेगी। उन्होंने कहा यह समय सीमा खुद कंपनी ने तय की है। कंपनी के पूर्व अधिकारियों ने उच्च प्रबंधन को गलत जानकारियां दीं जिससे काम पिछड़ा। अलबत्ता वे यह नहीं बता सके कि यदि 31 जुलाई तक काम पूरा नहीं हुआ तो क्या वह काम छोड़ देगी?
जुलाई तक काम पूरा करने की बात कहकर कंपनी ने नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव राघवचंद्रा की बात को आगे बढ़ाया है। कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर अजित कुलकर्णी और वाइस प्रेसीडेंट परमिंदरसिंह शुक्रवार को पत्रकारों से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा जुलाई तक की अवधि के लिए कंपनी आश्वस्त है। कंपनी के पूर्व अधिकारी पी.एम. सकरिया ने प्रबंधन को भ्रम में रखा और आर्थिक रूप से भी अनियमितताएं की। उनके खिलाफ मुंबई और इंदौर के थानों में शिकायत की गई है। उन्होंने कहा कंपनी की वित्तीय स्थिति ठीक है और भुगतान में कोई परेशानी नहीं है।
महीनेभर में लगने लगेंगी लाइट
श्री कुलकर्णी ने कहा जहां-जहां सड़क बन गई है, वहां नई लाइट और पोल लगाने का काम महीनेभर में शुरू हो जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कंपनी ने अब तक इसका ऑर्डर नहीं दिया है लेकिन यह औपचारिकता जल्द कर ली जाएगी।
कलेक्टर ने कहा हर फ्रंट पर शुरू करें काम
शाम को एआईसीटीएसएल में आईडीए अध्यक्ष मधु वर्मा और कलेक्टर राकेश श्रीवास्तव के साथ संयुक्त बैठक हुई। इसमें कलेक्टर ने श्री कुलकर्णी से कहा आप हर फ्रंट पर काम शुरू करें। जहां-जहां साइट उपलब्ध है, काम होना चाहिए, तभी समय सीमा में काम हो सकेगा। आप किस तरह काम करेंगे, उसकी कार्ययोजना बनाकर दें। इस पर कंपनी ने सोमवार तक कार्ययोजना बताने की बात कही। बैठक में आईडीए के अधीक्षण यंत्री के.के. माहेश्वरी, आशुतोष मुद्गल, एक्जीक्यूटिव इंजीनियर अनूप ढकेता समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।











