26 बाइक बरामद की
ग्वालियर. मुरार पुलिस ने शुक्रवार को एक वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी की 26 बाइक बरामद की हैं। बरामद अधिकांश बाइकें मुरैना जिले के देहात क्षेत्र में चल रही थीं।
सीएसपी राजेश दंडौतिया ने संवाददाताओं को बताया कि पहली बार इतनी बड़ी संख्या में चोरी के वाहन जब्त किए गए हैं। बरामद बाइक में से 10 की पहचान कर ली गई है।
यह मुरार सर्किल से चोरी क ी गई थीं। शेष वाहनों के इंजन व चैसिस नम्बर के आधार पर पुलिस पहचान कर रही है। पकड़े गए वाहन चोरों में बंटी उर्फ राकेश पुत्र जगत सिंह गुर्जर निवासी अरौरा, विनोद पुत्र हरनाम सिंह सखवार गल्ला कोठार, दिनेश पुत्र राजेन्द्र सिंह सखवार निवासी अम्बाह शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि शहर में अचानक बढ़ी वाहन चोरी की घटनाओं के मद्देनजर मुरार सर्किल में देवेन्द्र सिंह, गुलबाग सिंह, राजेश तोमर व अजय चानना को टास्क देकर वाहन चोरों के खिलाफ लगाया था।
ऐसे हाथ आया गिरोह
मयूर मार्केट में पांच दिन पूर्व एक बाइक से आए दो युवकों ने एक बाइक का ताला तोड़कर बाइक चोरी करने की कोशिश की। बाइक मालिक के आ जाने पर वह भाग गए, लेकिन बदमाशों की काली बाइक का नम्बर मिल गया। बाद में दर्पण कालोनी से एक नई बाइक बदमाशों ने चोरी की।
इस बाइक का रजिस्ट्रेशन भी नहीं हुआ था। यह बाइक पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी के रिश्तेदार की थी। बाद में पुलिस को बीते रोज गल्ला कोठार में यह बाइक खड़ी होने की सूचना मिली।
पुलिस ने घेराबंदी करके बाइक समेत विनोद सखवार को पकड़ा। विनोद के दो और साथियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर 26 बाइक बरामद कर ली हैं।
व्हील लॉक वाली बाइक की चोरी नहीं: पकड़े गए वाहन चोरों से पूछताछ में यह भी पता चला है कि वाहन चोर व्हील लॉक वाली बाइक को इसलिए नहीं चुराते क्योंकि उक्त लॉक खोलने में चोरों को मुश्किल होती थी।
सरपंच रामवीर व रामप्रकाश ने खरीदीं बाइक
वाहन चोरों से मकौड़ी के सरपंच रामवीर ने चोरी की 6 बाइकें खरीदीं थीं। गोहद निवासी रामप्रकाश ने भी चोरी की 4 बाइक इनसे खरीदीं थीं।
3 से 7 हजार में बेचे वाहन
पकड़े गए वाहन चोर बाइक को 3 से 7 हजार रुपए की कीमत में बेचते थे। चोरी की बाइक बेहट व मुरैना के देहात क्षेत्र में बेची गईं। ग्रामीण सस्ती बाइक मिलने पर उसके दस्तावेजों की मांग नहीं करते थे।
25 बाइक और मिलने की संभावना
पकड़े गए वाहन चोरों से पूछताछ में उनके कुछ और साथियों के नाम भी पता चले हैं। इन फरार वाहन चोरों से चोरी की 25 और बाइक मिलने की संभावना है।










