इंजेक्शन समझ चढ़ाया रीढ़ की हड्डी का फ्लुड
भास्कर न्यूज. अलवर
सामान्य चिकित्सालय में कर्मचारियों की लापरवाही की एक और घटना सामने आई। अस्पताल के फीमेल मेडिकल वार्ड में भर्ती महिला के नर्सिंग छात्र ने सीएसएफ (सैरीब्रल स्पाइन फ्लुड ) को कैनूला के जरिए वापस शरीर में चढ़ा दिया।
फीमेल मेडिकल वार्ड में सुबह आठ बजे मीनाक्षी विजय को भर्ती कराया गया। राउंड पर आए डॉक्टर ने जांच के लिए मीनाक्षी विजय का रीढ़ की हड्डी से सिरिंज के जरिए सीएसएफ निकाला। फ्लुड से भरी सिरिंग को बैड के पास रखकर डॉक्टर इसे लैब में भेजने के निर्देश देकर चले गए।
कुछ देर बाद एक नर्सिंग छात्र आया और सीरिंज को कैनूला के जरिए शरीर में चढ़ाने लगा। इसी बीच महिला की उस पर नजर पड़ी तो उसके होश उड़ गए। उसने नर्सिंग छात्र को तुरन्त रोका लेकिन तब तक आधे से अधिक फ्लुड शरीर में चढ़ाया जा चुका था। लापरवाही का पता लगने पर परिजनों ने हंगामा कर दिया। इस पर राउंड कर रहे डॉक्टर भी पहुंच गए। महिला की पल्स व बीपी की जांच की गई। सब कुछ नॉर्मल होने पर उन्होंने राहत की सांस ली।










