नीमहकीम के दवाखाने पर छापा, दवाइयां जब्त
चिकित्सा विभाग के दल ने शनिवार को एक बंगाली चिकित्सक के क्लिनिक पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान चिकित्सक की मान्यता नहीं पाई गई। विभाग व पुलिस ने दवाइयां व चिकित्सकीय उपकरण जब्त कर लिए हैं। विभाग ने सदर थाने में चिकित्सक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। वहीं पुलिस ने चिकित्सक को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डूंगरपुर डॉ. कांतिलाल वर्मा के नेतृत्व में डीपीसी बजरंगप्रसाद अग्रवाल व दल ने शनिवार को देवल खास में एक बंगाली चिकित्सक के किराए के मकान में चल रहे क्लिनिक पर छापा मारा। उन्होंने बंगाली चिकित्सक शुभ्रतो मजूमदार निवासी गोपालनगर जिला चौबीस परगना पश्चिम बंगाल से पूछताछ की। चिकित्सकीय प्रेक्टिस के दस्तावेज मांगने पर वह कुछ दस्तावेज ही दे पाया। उसके पास राजस्थान मेडिकल कौंसिल या नर्सिंग कौंसिल के दस्तावेज नहीं पाए गए।
...शेष & पेज ८
क्लीनिक में 10-15 प्रकार की विभिन्न दवाइयां व चिकित्सकीय उपकरण भी बरामद किए गए, जो क्लीनिक में नहीं रखे जा सकते। इस पर सीएमएचओ डॉ. कांतिलाल वर्मा ने बंगाली चिकित्सक शुभ्रतो मजूमदार के खिलाफ सदर थाना पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने चिकित्सक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। सदर थानाधिकारी गुलाबसिंह ने बताया कि चिकित्सक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूछताछ की जा रही है।










