होटल मालिक से 10 लाख रुपए की ठगी
जयपुर. चंड़ीगढ़ व जालंधर की फाइनेंस कंपनियों के खिलाफ एक होटल मालिक को 10 करोड़ रुपए फाइनेंस करने का झांसा देकर उससे 10 लाख रुपए की ठगी करने का मामला कोर्ट इस्तगासे से सदर थाने में दर्ज कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक ठगी के शिकार बनीपार्क निवासी देवेंद्र सिंह का जयसिंह हाइवे पर एक होटल है। वर्ष 2007 दिसंबर माह में उसने होटल के विस्तार के लिए चंड़ीगढ़ स्थित रॉयल फाइनेंस कंपनी में आवेदन किया था। इस पर फाइनेंस कंपनी के एमडी एस.एन. शर्मा ने जालंधर स्थित मेट्रो फाईनेंस कंपनी के कार्यालय में उसकी प्रोपर्टी के दस्तावेज जमा कराने को कहा।
पुलिस ने बताया कि माह जुलाई 2008 में देवेंद्र ने प्रोपर्टी के दस्तावेज जमा करवा दिए। इस पर कंपनी की तरफ से उसे 10 करोड़ रुपए का लोन स्वीकृत होने की बात कही गई। इसके साथ ही कंपनी ने गारंटी के तौर पर 10 लाख रुपए जमा कराने को कहा गया।
बाद में, फाईनेंस कंपनी के कर्मचारी अजय खुराना व सौरभ गुप्ता जयपुर पहुंचकर देवेंद्र सिंह के यहां पहुंचकर फिल्ड वेरिफिकेशन कर वापस चले गए। इसके कुछ दिनों बाद फाइनेंस कंपनी ने देवेंद्र सिंह को उसके दस्तावेजों में बताए गए गारंटरों में कमियां होने से उसका लोन अस्वीकृत करने की जानकारी दी।
देवेंद्र ने आरोप लगाया है कि उसने कंपनी में जमा 10 लाख रुपए लौटाने को कहा, तो कंपनी ने रुपए देने से इंकार कर दिया। इस पर उसने कोर्ट के जरिए मामला दर्ज कराया। पुलिस के मुताबिक आरोपी कंपनियों के विद्याधर नगर निवासी अनूप कौशिक सहित गंगाराम व शंकरलाल जांगिड़ से भी इस तरह फाइनेंस कंपनी के नाम पर धोखाधड़ी करने की जानकारी सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।










