टूरिस्ट हब बनेगा लुधियाना
चंडीगढ़. पंजाब मानचेस्टर के रूप में विख्यात लुधियाना टूरिस्ट हब के रूप में भी विकसित होगा। केंद्र सरकार के पर्यटन मंत्रालय ने शहर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए व्यापक प्रोजेक्ट मंजूर किया है। इसके तहत इस शहर पर 3 करोड़ 2 लाख 43 हजार रुपए की राशि खर्च की जाएगी।
पंजाब ने भेजा था प्रस्ताव
लुधियाना क्योंकि देश के मानचेस्टर के रूप में जाना जाता है। इसलिए इसको पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए पंजाब सरकार ने केंद्र सरकार को एक प्रोजेक्ट भेजा था।
लुधियाना में प्रतिवर्ष देश-विदेश के हजारों पर्यटक, जिनमें अधिकतर व्यवसायी होते हैं, आते हैं। उन्हें आकर्षित करने के लिए ही पंजाब सरकार ने एक प्रस्ताव केंद्र को भेजा था। केंद्र द्वारा इस प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने के बाद लुधियाना को पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने का रास्ता साफ हो गया है।










