गुलाब वाटिका पैलेस की इमारत अवैध
जालंधर. गुलाब देवी अस्पताल के संबंध में सूचना देने से इंकार करने पर पंजाब राज्य सूचना आयोग ने नगर निगम के सूचना अधिकारी को चंडीगढ़ में 9 फरवरी 2010 को तलब किया है। सैंट्रल टाऊन निवासी विजय कुमार ने यह सूचना मांगी थी। निगम ने माना है कि अस्पताल की तरफ से चलाए जा रहे मैरिज पैलेस गुलाब वाटिका का कोई नक्शा पास नहीं है।
विजय कुमार ने बताया कि गुलाब देवी चैरीटेबल अस्पताल में बनी नई बिल्डिंगों का प्रबंधन ने निगम से नक्शा पास नहीं करवाया है। इनमें सुरक्षा उपकरण नहीं लगाए जाने के कारण मरीजों, स्कूल कालेज व हॉस्टल में अप्रिय घटना से नुकसान हो सकता है। नगर निगम ने सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई सूचना को निजी बताते हुए जबाव देने से इंकार कर दिया है।
विजय कुमार ने बताया कि उसने मामले को पंजाब राज्य सूचना आयोग के सामने पेश किया और उन्होंने निगम के अधिकारियों को वहां तलब होने का नोटिस जारी किया है। इस मामले की सुनवाई राज्य सूचना आयुक्त दरबारा सिंह काहलों की कोर्ट में निश्चित की गई है।
उन्होंने निगम के संबंधित अधिकारी को तथ्यों सहित पेश होने का आदेश दिया हैं। नोटिस में यह कहा गया है कि अगर निगम की तरफ से कोई नहीं पहुंचा तो इसका फैसला आयोग की तरफ से निगम अधिकारियों की गैरहाजिरी में कर दिया जाएगा।
सवाल
गुलाब वाटिका मैरिज पैलेस का मालिक कौन है, क्या मालिक ने नक्शा पास करवाया है?
पंजाब सूचना आयोग ने निगम के सूचना अधिकारी को किया तलब
यह पूछे थे सवाल
लाला लाजपत राय बीएसई कालेज ऑफ नर्सिग इंस्टीट्यूट की बिल्डिंग जो गुलाब देवी अस्पताल के प्रबंधकों ने अस्पताल के अंदर बनाई है, क्या उसका नक्शा पास करवाया गया है? अगर है तो साल व तारीख बताई जाए।
प्राइवेट वार्ड की नई बिल्डिंग का नक्शा पास करवाने की जानकारी दी जाए।
नर्सिग हॉस्टल की बिल्डिंग के निर्माण से पहला नक्शा पास करवाया गया या नहीं?
गुलाब वाटिका मैरिज पैलेस का मालिक कौन है और मालिक ने नक्शा पास करवाया है या नहीं? क्या यह मैरिज पैलेस नगर निगम के 1997 बिल्डिंग बाइलाज एक्ट के रूप 7 (1) के अनुसार बनाया गया है?
निगम इस मैरिज पैलेस का कितना टैक्स वसूल रही है?
इन नक्शों को अप्लाई करने वालों की सभी दस्तावेज उपलब्ध करवाए जाएं।
बिल्डिंग बनाने की मामलों ने फायर ब्रिगेड से एनओसी सर्टीफिकेट लिया है या नहीं?
निगम का जवाब
इस बिल्डिंग के 2 नक्शे साल 2003 व 2009 में निगम से पास हैं।
गुलाब देवी अस्पताल के पास किए गए नक्शे में मैरिज पैलेस पास नहीं है।
निगम के हाऊस टैक्स विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक गुलाब वाटिका मैरिज पैलेस से वार्षिक हाऊस टैक्स 25 हजार 515 रुपए वसूल किया जाता है।
बाकी जानकारियां निजी हैं,अस्पताल की तरफ से लिखित तौर पर एतराज दिया गया है,इसलिए इस संबंध में जानकारी नहीं दी जा सकती।










