युवकों को छत से फेंकने लगा शराबी सिपाही
उदयपुर. गायरियावास इलाके में दिल्ली पुलिस के एक सिपाही ने शराब के नशे में पड़ोसी युवकों को छत से नीचे फेंकने का प्रयास किया। सिपाही की इस करतूत को देखने मोहल्लेवासियों की भीड़ जमा हो गई। सिपाही की मां उदयपुर पुलिस से हाल ही में रिटायर्ड हुई है। हॉक वन ने सिपाही को पकड़कर हिरणमगरी पुलिस को सौंपा है।
गायरियावास निवासी उदयपुर पुलिस की रिटायर्ड पुलिसकर्मी रोशनआरा का पुत्र शेरखान दिल्ली पुलिस का जवान है। वह अभी छुट्टियों पर यहां आया हुआ है। रविवार को शेरखान शराब के नशे में घर पर आया और बिहार हाल गायरियावास निवासी मोहम्मद अंसारूल पुत्र साबिर और मोहम्मद सद्दाम पुत्र मोहम्मद अकबर को छत पर ले गया। इन युवकों ने बताया कि शेरखान उन्हें छत पर ले गया, जहां से उन्हें नीचे फेंकने का प्रयास किया, जिन्हें देखने के लिए पूरा मोहल्ला जमा हो गया। बाद में मोहल्ले के कुछ युवकों ने शेरखान से इन युवकों को छुड़ाया।
आसपास की महिलाओं ने बताया कि उक्त सिपाही जब भी छुट्टियों पर यहां आता है, तो वह उत्पात मचाता है। आने—जाने वाले लोगों को परेशान करता है और मारपीट पर उतारू रहता है। सूचना पर हॉक वन मौके पर पहुंची और उक्त सिपाही को पकड़कर हिरणमगरी थाना पुलिस के हवाले किया।











