गरमी ने तोड़ा पिछले पांच वर्षो का रिकॉर्ड
नई दिल्ली. मौसम में लगातार बदलाव का दौर जारी है। कुछ दिन पहले तक कड़ाके की ठंड और अब अचानक से गरमी लोगों को परेशान करने लगी है। रविवार को दिल्ली की फिजा में गरमाहट का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि गरमी ने पिछले पांच वर्षो के रिकॉर्ड को धराशायी कर दिया। हालांकि ज्यादा चिंतित होने की जरूरत नहीं है क्योंकि मौसम एक बार फिर करवट बदल सकता है।
बारिश थामेगी पारे की रफ्तार
मौसम विशेषज्ञों ने संभावना जताई है कि सोमवार को दिल्ली एवं आसपास के इलाकों मे बारिश हो सकती है। साथ ही तेज हवाएं चल सकती हैं। बारिश की संभावना को देखते हुए पारे में एक बार फिर भारी गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि सुबह के समय बादल छाए रहने की संभावना को देखते हुए न्यूनतम तापमान में तीन-चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज होने की आशंका जताई गई है।
कैसा रहा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस अधिक यानी 30 डि.से. रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस यानी 11.8 डि.से. रहा। सोमवार को अधिकतम तापमान 25 एवं न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने का अनुमान है।
क्यों हो सकती है बारिश
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पश्चिमी हिमालय एवं आसपास के इलाकों के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके चलते मौसम में उठापटक हो रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पहाड़ों में बर्फबारी हुई। दूसरी ओर मैदानी इलाकों में बारिश होने के आसार हैं। इसके अलावा हवा की दिशा में भी परिवर्तन जारी है। फिलहाल मैदानी इलाकों में पहाड़ों की ओर से हवा आ रही है। हवा की दिशा उत्तर-पश्चिमी है। मालूम हो कि उत्तर-पश्चिमी हवा चलने से अमूमन दिल्ली, हरियाणा, पंजाब आदि इलाकों के तामपान में गिरावट दर्ज की जाती है।











