बार में पूर्व प्रेमिका से झगड़ पड़ीं लिंडसे
लॉस एंजिलस. हॉलीवुड अभिनेत्री लिंडसे लोहान ने पिछले दिनों पूर्व गर्लफ्रैंड सामंथा रोन्सन से एक नाइटक्लब में जमकर झगड़ा किया और गुस्से में रोन्सन के मुंह पर ड्रिंक फेंक दी। इन दोनों ने पिछले साल ही अपने सभी संबंध तोड़ लिए थे लेकिन गत बुधवार वैस्ट हॉलीवुड के एक बार में एक बार फिर इनका आमना-सामना हुआ। तब रोन्सन को देख लोहान अपना आपा खो बैठीं। एक सूत्र ने बताया, रोन्सन इस बार में बतौर डीजे काम करती हैं। लोहान रात 11 बजे के करीब बार में आईं। उन्हें देखकर ऐसा लग रहा था जैसे वे झगड़ा करने के मूड में हों। वह चाहती थीं कि रोन्सन उनकी ओर ध्यान दें लेकिन काम में व्यस्त रोन्सन ने उन्हें अनदेखा कर दिया। लोहान रोन्सन का ध्यान अपनी ओर करने के लिए बार में उलटी सीधी हरकतें करने लगीं जिससे रोन्सन परेशान हो गईं। आखिरकार उन्होंने वहीं लोहान को बुरा भला कहना शुरू कर दिया। इससे गुस्सा लोहान ने रोन्सन के चेहरे पर ड्रिंक फेंक दी।










