दिनभर फहराता रहा फटा तिरंगा
शिमला. डीसी ऑफिस शिमला में सोमवार को फटा हुआ तिरंगा ही फहराता रहा। जिला प्रशासन की लापरवाही के चलते दिनभर तिरंगे का अपमान होता रहा और किसी को पता तक नहीं चला। शाम तक प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
उधर जिला प्रशासन खुद को इस घटना से बेखबर बताता रहा और तिरंगे के अपमान पर खेद भी जताया। सोमवार सुबह से ही डीसी ऑफिस की छत पर फटा हुआ तिरंगा लहराना शुरू हो गया। शाम को जब प्रशासन से इस बारे में पूछा गया तो हड़कंप की स्थिति बन गई। जिला प्रशासन के सिर पर ही तिरंगे का अपमान होता रहा। उल्लेखनीय है कि डीसी ऑफिस की छत पर लगे तिरंगे का ध्यान रखना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है।
राष्ट्रीय ध्वज सुबह चढ़ाया जाता है और शाम होते ही उसे उतार लिया जाता है। लेकिन इस सब के बावजूद दिनभर राष्ट्रीय ध्वज फटा हुआ ही लहराता रहा। शिमला जिला प्रशासन की लापरवाही से प्रदेश की राजधानी में तिरंगे का अपमान हुआ और जिला प्रशासन ने तिरंगे को बदलने की बात कह कर अपना पल्ला झाड़ लिया। डीसी जेएस राणा ने बताया कि इस बात की जानकारी नहीं मिली। जल्द ही तिरंगे को बदला जाएगा। हर रोज तिरंगे को चढ़ाया और उतारा जाता है। ऐसी घटना होने पर हमें खेद है।










