Tuesday, Feb 9th, 2010, 1:22 am [IST]  
  • + comment
  • |
  • +Share

danik bhaskarप्रदेश में हवाई सेवा भी बाधित

भास्कर न्यूज

शिमला. प्रदेश में हो रही बर्फबारी का असर सोमवार को हवाई सेवाओं में भी दिखाई पड़ा। सूबे के जुब्बड़ हट्टी, गग्गल और भुंतर हवाई अड्डे से सोमवार को हवाई सेवा पूरी तरह बाधित रही। मिली जानकारी के मुताबिक हवाई सेवा के सामान्य होने में कम से कम तीन दिन का समय लगेगा।



उधर, शिमला के ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण मार्ग अवरुद्ध होने से एचआरटीसी की 45 बसें फंस गई हैं। ऊपरी शिमला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों का संपर्क राजधानी से कट गया है। निगम के अनुसार चौपाल के खिड़की में भारी बर्फबारी के कारण कई बसें नेरवा और चौपाल में फंसी हुई हैं। इसके अलावा रोहड़ू के खड़ापत्थर में बर्फबारी के कारण रोहड़ू और कोटखाई क्षेत्रों में भी कई बसें फंसी हैं।



नारकंडा, कुफरी मार्ग भी बर्फबारी से बंद हो गया, जिससे रामपुर और किन्नौर में निगम की कई बसें फंस गईं। बर्फबारी के कारण सोमवार को चौपाल, रोहड़ू, रामपुर, रिकांगपियो के अलावा अन्य कई क्षेत्रों के लिए बसें नही भेजी गईं। निगम के डीएम शिमला ने बताया कि बर्फबारी होने की स्थिति में रिकांगपियो के लिए बस वाया धामी भेजी जाएगी।



पहले राहत फिर सताया



प्रदेश भर में हो रही बारिश और बर्फबारी से प्रदेशभर में लोगों ने राहत की सांस ली है। प्रदेश के निचले इलाकों में रविवार रात से ही बारिश का सिलसिला जारी है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रविवार देर रात से जारी बर्फबारी सोमवार को भी होती रही। बागबानों और किसानों को इस बर्फबारी का सबसे ज्यादा फायदा हुआ है। लोग लंबे समय से इसका इंतजार कर रहे थे। गेहूं की फसल को इससे काफी लाभ मिलेगा। सोमवार को शिमला का अधिकतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो रविवार की तुलना में लगभग आधा था।



यहां पर रविवार रात से ही बारिश का सिलसिला जारी है और सोमवार शाम साढ़े पांच बजे तक 35.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश सियोबाग में दर्ज की गई जो कि 52 मिलीमीटर रही। इसके अलावा भुंतर में सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे तक 51.7, कल्पा में 32.1, बंजार में 47, गोहर में 40, करसोग में 35, रामपुर में 29, पालमपुर में 28.4 और कोटखाई में 20 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।



शिमला और इसके आसपास के क्षेत्रों में सोमवार सारा दिन रुक-रुक कर बारिश होती रही जिससे यहां के तापमान में 6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। साथ ही न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो रविवार के 8.1 डिग्री से 3.4 डिग्री कम था। सुंदरनगर का अधिकतम तापमान 10.4, भुंतर का 4.2 और 12.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रहेगा जबकि चंबा, कुल्लू, मंडी, किन्नौर और लाहौल एवं स्पीति में भारी बर्फबारी होने की संभावना है।



मनाली सहित कुल्लू के निचले क्षेत्रों ने वर्ष 2010 में पहली बार बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। हिल्स क्वीन शिमला में सोमवार दिन भर बारिश जारी रही जिससे बर्फबारी देखने आए पर्यटक काफी निराश नजर आए। हांलाकि इसके बावजूद पर्यटकों ने रिज मैदान और मॉल रोड पर मौसम का जमकर मजा लिया। शहर के नब्बे फीसदी होटल पहले ही पर्यटकों से भर चुके हैं और मौसम के मिमाज को देखते हुए सोमवार को भी पर्यटकों का आना जारी रहा।



हरियाणा से अपनी पत्नी के साथ शिमला पहुंचे गुरमीत कौर ने बताया कि वे रविवार को ही शिमला पहुंचे हैं। पहले कभी बर्फ गिरते नहीं देखा था और मौसम को देखते हुए लगा कि हमारी यह ख्वाहिश पूरी हो जाएगी, लेकिन अभी इंतजार करना पड़ेगा। दिन भर बारिश के चलते अधिकतर लोग घरों में दुबके रहे। सुबह के समय हुई जोरदार बारिश और तेज हवा के कारण स्कूली बच्चों और काम पर जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। अभिभावक रीता देवी ने बताया कि तेज हवा के कारण बच्चों को खुद ही स्कूल छोड़ना पड़ा।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: