गुस्साए मजदूर सुबह सड़क पर उतरे, प्रदर्शन
जालंधर. गदईपुर में मजदूरों पर रविवार शाम हुए जानलेवा हमले में पुलिस की ढुलमुल प्रणाली से गुस्साए मजदूरों ने सोमवार सुबह तीन जगह जमकर प्र्दशन किया। प्रदर्शनकारियों के तीखे तेवर देख फोकल प्वांइट चौक और बिजली घर के पास पुलिस ने हल्के बल का प्रयोग कर उन्हें खदेड़ दिया, लेकिन पथराव से जीटी रोड पर दो कारें के शीशे टूट गए।
सारा क्षेत्र पुलिस छावनी में तबदील हो गया और गदईपुर मार्कीट बंद रही। डीसी अजीत सिंह पन्नू, एसएसपी आर.के. जायसवाल और विधायक के.डी. भंडारी मौके पर पहुंच गए। डीसी ने पीड़ितों को 20-20 हजार रुपए देने और फ्री इलाज करवाने की घोषणा की। पुलिस कार्रवाई न होने से गुस्साए मजदूरों का एक दल गदईपुर नहर की पुली पर प्रदर्शन करने लगा, जिनके साथ ड्यूटी पर जाने वाले मजदूर भी शामिल हो गए।
कुछ ही देर में तीन स्थानों पर प्रदर्शन शुरू हो गए। थाना मकसूदां में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस को हमलावरों के मोटरसाईकल का नंबर भी मिला है। मजदूरों की मांग पर क्षेत्र में अस्थाई चौकी बनाने की घोषणा की गई।
एसपी (मुख्यालय) सतिंदर सिंह का कहना था कि जल्द फोक्ल प्वांइट में थाना बना दिया जाएगा और थाना बनाने के लिए प्रस्ताव भेज दिया गया है। यह उप चौकी थाना मकसूदां के अधीन होगी।
सुराग देने वाले को इनाम : गदईपुर पहुंचे एसएसपी आर.के. जायसवाल से पहले तो किसी मजदूर ने बात नहीं की। एसएसपी ने जब मजदूरों से उनकी भाषा में बात की तो उनके तीखे तेवर शांत हुए। एसएसपी ने कहा कि हमलावर का सुराग देने वाले व्यक्ति को 11 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा।
मजदूरों के हक में बोला प्रशासन : मजदूरों को शांत करने के बाद विधायक के.डी. भंडारी, डीसी अजीत सिंह पन्नू, एसएसपी जायसवाल और उद्योगपति नरिंदर सिंह सग्गू ने डिस्ट्रिक्ट इंडस्ट्री सैंटर में मीटिंग की। डीसी ने कहा कि घटना में विकलांग होने वाले मजदूर को एक लाख की आर्थिक सहायता दी जाएगी और उसे फैक्टरी मालिक काम से नहीं निकालेगा।
मजदूरों के साथ हुई घटना के बारे में सुनकर विधायक भंडारी ने कहा कि मजदूरों की सुरक्षा के लिए क्षेत्र में 4 पीसीआर की टीमें दौड़ेंगी। फोक्ल प्वांइट और गदईपुर एसोसिएशन पुलिस को एक-एक मोटरसाईकल देंगे।
मजदूर ने दिखाई हिम्मत
मूलरूप से बिहार निवासी दुयरेधन ने कहा कि गदईपुर मार्केट से गुजरते समय पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने उसके 2 साथियों को तलावर से घायल कर दिया। उसके बाद वह उसके पास आ रुके और पैसे मांगने लगे। इंकार करने पर उन्होंने उसपर हमला कर दिया। इसके बाद दुयरेधन ने हिम्मत दिखाते हुए तलवार पकड़ ली और शोर मचा दिया।
इस दौरान दुर्योधन को बचाने के लिए मजदूर रम्बू को तलवारधारियों ने जख्मी कर दिया। इसके बाद लुटेरे गांव रंधावा मसंदां की ओर निकल गए। उद्योग नगर मैन्यूफैक्चरिंग एसोसिएशन गदईपुर के प्रधान तेजिंदर भसीन ने इलाके में स्थाई पुलिस चौकी बनाने व पीसीआर गश्त सुनिश्चित बनाने की मांग की है।
चलो हाई अलर्ट काम तो आया
रविदासिया कौम के नए ग्रंथ के प्रकाश को लेकर चल रहे विवाद को लेकर किया गया हाई अलर्ट पुलिस के काम आ गया। गदईपुर में मजदूरों के प्रचंड प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस टीमें पल भर में मौके पर पहुंच गईं। इतनी भारी संख्या में एकाएक हाइवे पर जा रही फोर्स देख कर लोगों में दहशत दौड़ गई। अगर फोर्स हाई अलर्ट पर न होती तो लुधियाना की तरह जालंधर में भी हालात बिगड़ सकते थे।











