Tuesday, Feb 9th, 2010, 2:10 am [IST]  
  • + comment
  • |
  • +Share

danik bhaskarमारपीट के आरोपी सैनिक जमानत पर रिहा

भास्कर न्यूज & हलैना/वैर (भरतपुर)

हलैना थाने पर शनिवार को मारपीट के मामले में गिरफ्तार सातों सैनिकों को सोमवार को सिविल न्यायाधीश क.खं. बीना गुप्ता की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायालय ने 10-10 हजार के जमानत मुचलकों पर रिहा कर दिया। न्यायालय ने सैनिकों को अदालत में पेश होने के लिए 20 फरवरी की तारीख पेशी नियत की है। उधर, सैनिक सत्यवीरसिंह ने जमानत पर रिहा होने के बाद हलैना थानाप्रभारी सहित 9 जनों को नामजद करते हुए कोर्ट में इस्तगासा पेश किया।

इस पर न्यायाधीश ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं। इस्तगासे में एएसआई द्वारिका प्रसाद, हैडकांस्टेबल शिवप्रकाश, चालक खेतसिंह, कांस्टेबल मानसिंह, रविंद्रसिंह, सोहनलाल एएसआई, योगेंद्र शर्मा एएसआई, राजेंद्र शर्मा एसएचओ व अतरसिंह को नामजद किया गया है। इस्तगासे में अभियोगी सैनिक सत्यवीरसिंह ने कहा है कि उसके साथ प्रमोद कुमार सैनी आदि सात जने टवेरा गाड़ी से अपने दोस्त सुमन मीणा के यहां श्रीमहावीरजी में शादी में शरीक होने के लिए 7 फरवरी को जा रहे थे कि डहरामोड़ के पास एक वाहनचालक ने उनकी गाड़ी के आगे चल रही मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी और गाड़ी को भगाकर ले गया।

सैनिकों ने पीछाकर टक्कर मारने वाली गाड़ी को रोका और हलैना थाने ले आए। यहां जब थानाप्रभारी से मामले की प्राथमिकी दर्ज करने को कहा गया तो पुलिसकर्मियों ने अभद्रता की और लात-घूंसो, डंडो व लाठियों से निर्ममता से मारपीट कर बंद कर दिया।

प्रवासी भारतीय परिवार पर सिपाही का हमला

धौलपुर & अमेरिका से धौलपुर आए एक परिवार के सदस्यों पर एक सिपाही ने साथियों के साथ हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर उसका मेडिकल कराया तथा उसे जमानत पर रिहा कर दिया । पुराना शहर के रहने वाला शिवप्रसाद गुप्ता का परिवार लगभग २५ वर्ष से अमेरिका में रह रहा है। शिवप्रसाद परिवार सहित अपने भतीजे के विवाह में शामिल होने के लिए धौलपुर आए थे। सोमवार को कार से शिवप्रसाद के पुत्र डा. राम गुप्ता, उनकी पत्नी रजनी गुप्ता, शिवप्रसाद की पत्नी विमलादेवी तथा पवन गुप्ता की पुत्री निधि गुप्ता मथुरा- वृंदावन जा रहे थे। एनएच ३ पर गोगना पैट्रोल पंप पर कार पेट्रोल भरवाने के लिए रुकी तभी एक और कार वहां आई। कार में सवार निधि गुप्ता ने बताया कि कार में एक व्यक्ति निकला जो शराब के नशे में था। उसके तीन साथी कार से निकले जो कुल्हाड़ी व लाठियों से लैस थे। इन लोगों ने कार से उतरते ही गुप्ता के परिवार पर हमला कर दिया। निधि का कहना है कि शराबी व्यकित को उसके साथी भरत के नाम से संबोधित कर रहे थे।भरत ने उसका गला दबाने का प्रयास किया। शोर होने पर वहां काफी लोग एकत्रित हो गए तब आरोपी कार में सवार होकर भाग खड़े हुए।

लोगों ने बताया कि आरोपी भरतसिंह पुलिस में कांस्टेबल है। बाद में सभी घायलों को सामान्य चिकित्सालय ले जाया गया, जहां पीडि़तों का मेडीकल व उपचार कराया गया है। इसमें डा. राम गुप्ता के सिर में गंभीर चोट आई हैं। रजनी के हाथ में चोट है, जबकि विमलादेवी के हाथ की अंगुली टूट गई है। निधि के भी चोट हैं जबकि कार का शीशा टूट गया है। बाद में निधि अपनी ताई रजनीदेवी, ताऊ राम गुप्ता के साथ थाना निहालगंज पहुंची तथा मामला दर्ज कराया, जिसमें कहा गया है कि आरोपी सैल फोन, रिस्ट वाच, सोने की चैन, २०० डालर, सोने का छल्ला व तीन हजार रुपए छीनकर ले गए हैं।

मैडिकल के बाद सिपाही को जमानत

निहालगंज थाना प्रभारी बाबूलाल ने बताया कि आरोपी सिपाही भरतसिंह चाहर को गिरफ्तार कर लिया है। इसका मेडीकल कराया है, जो डा. बीएनएस तोमर ने किया है। डा. तोमर ने बताया कि सिपाही शराब के नशे में था। बाद में इसको जमानत पर रिहा कर दिया गया है।

ये लगी है धारा

निधि की सूचना पर निहालगंज थाने में यह मामला धारा ३२३, ३४१, ३७९, ४२७, ५०४ के तहत दर्ज किया गया है। इसकी जांच एएसआई रमेशचंद कर रहे हैं। रमेशचंद ने बताया कि पीडि़त परिवार उनको बताकर गया है कि लूटपाट की वारदात नहीं हुई है। लूट की वारदात की धारा हटने के बाद मामला साधारण मारपीट का रह गया है। इसलिए आरोपी सिपाही भरत चाहर को जमानत पर छोड़ दिया गया है।

वैर. कोर्ट के बाहर मौजूद सेना के अधिकारी व अन्य।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: