उद्योग बढ़ने पर मेला का विकास
ग्वालियर. सांसद यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा है कि ग्वालियर व्यापार मेले को ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए अंचल के उद्योगों का विकास करने की जरूरत है। इसके लिए सभी जनप्रतिनिधियों को मिलकर प्रयास करना होगा।
सांसद यशोधरा राजे सोमवार को ग्वालियर व्यापार मेला के पुरस्कार वितरण एवं अनौपचारिक समापन समारोह को संबोधित कर रही थीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर समीक्षा गुप्ता ने की। इस अवसर पर ग्वालियर व्यापार मेले के अध्यक्ष अनुराग बंसल, विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष जयसिंह कुशवाह, ग्वालियर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष धीरसिंह तोमर, मेला प्राधिकरण के उपाध्यक्ष वेदप्रकाश, भाजपा जिलाध्यक्ष अभय चौधरी मौजूद थे।
महापौर समीक्षा गुप्ता ने कहा कि ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण को वर्ष भर सांस्कृतिक व धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करना चाहिए। इसके साथ ही हम जनप्रतिनिधि मिलकर शहर विकास के रास्ते खोजें।
इससे पूर्व मेला प्राधिकरण अध्यक्ष अनुराग बंसल ने स्वागत भाषण में कहा कि मेला प्राधिकरण अगले वर्ष दुकानों के किराए व बिजली की दरों में वृद्धि कर सकता है। उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय व पंचायत चुनाव में लगी आचार संहिता का असर व्यापार मेले पर पड़ने से प्राधिकरण को कार्य करने में परेशानी का सामना करना पड़ा फिर भी मेला सफल रहा। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान रिवर्स बायर सेलर मीट आयोजित होना बड़ी उपलब्धि रही।
कई शो-रूम व संस्थाएं पुरस्कृत
इस अवसर पर ग्वालियर व्यापार मेला गाइड 2010 का विमोचन सांसद यशोधरा राजे व महापौर समीक्षा गुप्ता ने किया। मेले के समापन अवसर पर रेल मंडल, बीएसएनएल, पुलिस विभाग, जनसम्पर्क विभाग, पशु चिकित्सा सेवाएं, स्वास्थ्य चिकित्सा विभाग, किसान कल्याण कृषि विभाग, जल संसाधन विभाग, विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण, राज्य कृषि विपणन बोर्ड, नगर निगम, जिला सहकारी वनोपज संघ, पेनेसिया योगथैरेपी, शराब मुक्ति आंदोलन आपातकालीन सेवा 108, खादी संघ जौरा, कम्बल केन्द्र गोल पहाड़िया, खादी भंडार, मृगनयनी एम्पोरियम, इण्डस इंड बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, डिश टीवी, एयरटेल, वीडियोकॉन को मेले में उल्लेखनीय योगदान के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए।











