बैंकों में पहुंची आयकर टीम, जांच शुरू
रायपुर. कृषि सचिव बीएल अग्रवाल के लॉकर की जांच करने बैंक पहुंची आयकर विभाग की टीम को निराश होना पड़ा। सोमवार शाम को समता कॉलोनी यूनियन बैंक की ब्रांच में उसे लॉकर से केवल 13 हजार रुपए मिले।
आयकर अधिकारियों ने श्री अग्रवाल उनके सीए और रिश्तेदारों के यहां जब्त दस्तावेजों के आधार पर बैंकों में पड़ताल शुरू दी। समता कालोनी स्थित यूनियन बैंक का लॉकर श्री अग्रवाल की पत्नी संगीता अग्रवाल के नाम से था। लाकर खोलते वक्त वे भी मौजूद थीं। पड़ताल तीन घंटे से अधिक समय तक चली।
भोपाल से इंवेस्टीगेशन विंग के डायरेक्टर बीडी विश्नोई सोमवार से राजधानी में कैंप किए बैठे हैं। आयकर दफ्तर में सोमवार को दिनभर गहमा-गहमी का माहौल रहा। उन्होंने सुबह से शाम तक छापे के पूरे मामले की समीक्षा की। अधिकारियों के साथ मैराथन बैठक कर आगे की रणनीति बनाई। अधिकारियों ने भास्कर को बताया कि श्री अग्रवाल के यहां से सात लॉकरों की चाबियां मिली हैं।
इनमें दो की पहचान कर ली गई है। एक यूनियन बैंक व एक अन्य बैंक की है। बाकी पांच चाबियों के बारे में श्री अग्रवाल व उनका परिवार कुछ भी नहीं बता रहा। एक अफसर ने कहा कि वे इंतजार करेंगे। आखिर कब तक नहीं बताएंगे। ये समय वाद-विवाद का नहीं है। 1988 में श्री अग्रवाल व उनका रिश्तेदार क्या थे अब क्या हैं? वे बताएं कि यह संपत्ति कहां से मिली है?
अधिकारियों ने कहा कि श्री अग्रवाल द्वारा पेश सीए का एफिडेविट उनके लिए कागज के टुकड़े से ज्यादा नहीं है। विभाग की टीम दो वाहनों में भरकर शाम 5.20 बजे इंवेस्टीगेशन विंग के दफ्तर से निकली। टीम में करीब दो दर्जन अधिकारी, कर्मचारी व पुलिस के जवान शामिल थे। इससे पहले उन्होंने डायरेक्टर बीडी विश्नोई (इंवेस्टिगेशन विंग भोपाल) और ज्वाइंट कमिश्नर हेमंत देउवा से जरूरी निर्देश प्राप्त किए। दोनों वाहन नगरघड़ी, जयस्तंभ चौक, शारदाचौक, अग्रसेन चौक होते हुए समता कॉलोनी स्थित यूनियन बैंक के सामने पहुंचे। शाम 4.40 बजे अधिकारी तेजी से बैंक में प्रवेश कर गए। उसके बाद किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई।










