हारे जो हो गए
मुक्त, जीते जो फिर अज्ञातवास में
मतदान के बाद से ही अज्ञातवास भोग रहे जो उम्मीदवार हार गए, उन्हें परिणाम घोषित होते ही मुक्ति मिल गई। जीतने वालों को जिला प्रमुख व प्रधान के दावेदार फिर से अज्ञातवास में ले गए। जिला परिषद एवं पंचायत समितियों के जैसे-जैसे चरणबद्ध मतदान होता गया, प्रमुख-प्रधान के भावी दावेदारों की ओर से अधिकतर प्रत्याशियों को अज्ञातवास में भेज दिया गया। उन्हें कई दिन बाद सोमवार को सुबह मतगणना के दौरान लाए। परिणाम के बाद हारने वालों को तो मुक्त कर दिया, पर जीतने वालों को फिर कब्जे में कर लिया। किसी को शिमला तो किसी को अन्य पर्यटन या धार्मिक स्थल की सैर करवाई जा रही है। उनकी खातिरदारी में अब कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रहे हैं। इनका अज्ञातवास अब जिला प्रमुख व प्रधान का चुनाव होने के बाद ही पूरा होगा।
जिला प्रमुख व प्रधान के चुनाव कल
भीलवाड़ा& जिला प्रमुख एवं 11 पंचायत समितियों के प्रधान के चुनाव 10 फरवरी को जिला परिषद एवं संबंधित पंचायत समिति मुख्यालय पर होंगे। 11 फरवरी को उप जिला प्रमुख एवं उप प्रधान चुने जाएंगे। प्रमुख चुनाव के लिए बैठक कलेक्टर की अध्यक्षता में सुबह 10 बजे होगी। नामांकनपत्र सुबह 11 बजे तक, जांच 11:30 तक, नामवापसी दोपहर 1 बजे तक हो सकेगी। फिर शेष रहे उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटन किया जाएगा। दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। इसके तुरंत बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। यही कार्यक्रम प्रधान चुनाव का भी रहेगा। वहां बैठक की अध्यक्षता संबंधित रिटर्निंग अधिकारी करेंगे।










