धमाके के साथ पलटी जीप
जबलपुर. पुलिस के अनुसार हादसे में गंभीर रूप से घायल कल्पना अहिरवार, दीपरानी अहिरवार, दुर्गा अहिरवार व प्रेम बाई अहिरवार को मेडिकल में भर्ती कराया गया है। घायलों ने बताया कि घटना सुबह लगभग 10.30 बजे हुई। सैनपुरा से अहिरवार परिवार के अलावा कुछ अन्य लोगों के साथ वे लोडिंग जीप 207 क्र मांक एमपी 34 जी 0265 से जबलपुर भेड़ाघाट आ रहे थे। वाहन में लगभग दो दर्जन से अधिक लोग सवार थे।
वाहन अचानक टायर फटने से धमाके के साथ अनियंत्रित होकर पलट गया। यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर वहां से गुजर रहे राहगीरों ने लोगों को बाहर निकाला पर तब तक वाहन की चपेट में आए तीन यात्री अपनी जान गवां चुके थे।
फंसा रहा बच्चा
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे में एक बच्चा वाहन की चपेट में आ गया, जिसका हाथ वाहन के नीचे दब गया। राहगीरों ने एक-एक कर पहले तो घायलों को उपचार के लिए भिजवाया, बाद में घायल बच्चे को वाहन उठाकर निकाला गया। अफरा-तफरी के माहौल के बीच काफी देर तक मार्ग अवरुद्ध रहा। मौके पर पहुंचे पुलिस दल ने क्रेन से वाहन को हटाते हुए यातायात सुचारू किया।
किसकी जान गई
घटना के बाद बदहवास हालत में खड़े यात्री इतने भयभीत थे की उन्हंे ये भी नहीं पता चला की हादसे में जान गवांने वाले तीनों लोग कौन थे। घायल यात्रियों का कहना था कि वाहन कब पलट गया और वे कब हादसे का शिकार हो गए, इसका अंदाजा भी उन्हें नहीं हो पाया। घटना के बाद आरोपी चालक को भी पुलिस तलाशने में जुट गई है।










