छीजत रुकेगी, मिलेगी गुणवत्तापरक बिजली
भास्कर न्यूज & बीकानेर
जयपुर रोड स्थित रायसर गांव के पास बन रहा 400 केवी जीएसएस बनकर तैयार हो गया है। इस जीएसएस का टेस्ट चार्ज इस माह के अंतिम सप्ताह में किया जाएगा।
इस जीएसएस में 315 मेगावाट क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया गया है जिसे सूरतगढ़ थर्मल पावर से बिजली सप्लाई की जाएगी। इस ग्रीड सब-स्टेशन से बीकानेर डिवीजन सहित नागौर और श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में विद्युत सप्लाई की जाएगी। वर्तमान में इन क्षेत्रों को 220 केवी ग्रीड सब स्टेशन से की जा रही है।
अब नये बने 400 केवी ग्रीड सब-स्टेशन से सप्लाई किए जाने के बाद इन क्षेत्रों के उपभोक्ताओंं को गुणवत्तापरक बिजली आपूर्ति तो होगी ही साथ में छीजत पर भी नियंत्रण होगा। नागौर 220 केवी जीएसएस अब तक सूरतगढ़ थर्मल पावर से नहीं जुड़ा हुआ है। वर्तमान में नए बने 400 केवी जीएसएस से नागौर को जोडऩे के लिए 220 केवी लीलो पारेषण लाइन डाली जा रही है। वर्तमान में नागौर को बीकानेर के 220 केवी तथा मेड़ता में स्थित 220 केवी ग्रीड सब स्टेशन से विद्युत सप्लाई की जा रही है।
राज. विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड के अधिशासी अभियंता आलोक बनर्जी ने बताया कि जयपुर रोड स्थित 400 केवी ग्रीड सब स्टेशन का निर्माण कार्य अक्टूबर 2008 में शुरू किय गया था। इसका निर्माण करीब-करीब पूरा हो चुका है। यह ग्रीड सब स्टेशन एलएनटी कंपनी ने बनवाया है। सब स्टेशन को संचालित करने के लिए बीकानेर से सूरतगढ़ के बीच 400 केवी क्षमता की विद्युत लाइन डाली गई है।










