खाने के पैकेट पर पुलिस कर्मचारी आमने-सामने
बीकानेर & सोमवार को सुबह आठ बजे शुरू हुई मतगणन की धीमी गति के कारण पंचायत समिति के सभी परिणाम रात १२ बजे घोषित नहीं किए जा सके। 11 बजे तक 132 पंचायत वार्ड में से सिर्फ 123 वार्ड में ही परिणाम घोषित हो सके। पहले चरण में छह पंचायत समिति और दूसरे चरण में शाम छह बजे से जिला परिषद के 29 वार्डों की मतगणना शुरू हुई। परिणाम जानने केा उत्सुक ग्रामीण रात एक बजे तक पॉलीटेक्निक कॉलेज में डटे रहे और अपने चहेते उम्मीदवार का परिणाम जानने के लिए भटकते रहे। कलेक्टर-एसपी ने तमाम व्यवस्थाओं का जायजा लिया मगर सुबह से भूखे पुलिसकर्मियों का धैर्य शाम को जवाब दे गया और भोजन पैकेट को लेकर पुलिसकर्मी और कर्मचारी आमने-सामने हो गए। इस कारण शाम को पुलिसकर्मियों ने भोजन का बहिष्कार कर दिया और किसी भी पुलिसकर्मी ने विरोधस्वरूप खाना नहीं खाया। दरअसल दोपहर में भोजन पैकेट कम पड़ गए और करीब 30 प्रतिशत पुलिसकर्मी भूखे रहे और शाम को जैसे ही पैकेट आए तो फिर कम पड़ गए। इससे पुलिसकर्मी भड़क गए। इसको लेकर उच्चस्तरीय पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी भी आमने-सामने हो गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी इस मुद्दे पर बयान देने से बचते रहे।
दूसरी ओर निवर्तमान जिला प्रमुख ने जिला परिषद के वार्ड 27 नंबर सहित कई जगह पुर्नमतगणना की मांग लिखित में जिला निर्वाचन अधिकारी से की। लगभग प्रत्येक पंचायत समिति से दो पांच वार्डों की पुर्नमतगणना हुई जिसके कारण भी परिणाम घोषित होने में देरी हो गई।











