कलेक्टर करवाएंगे बोर्ड की परीक्षाएं
भास्कर न्यूज & बीकानेर
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं के संचालन के लिए जिला कलेक्टरों की अध्यक्षता में समितियों का गठन किया गया है। प्रत्येक जिले में एक समिति होगी। समिति के सहअध्यक्ष पुलिस अधीक्षक, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) सदस्य सचिव तथा जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) को सदस्य बनाया गया है। हमेशा की तरह इस बार भी बोर्ड की परीक्षाएं जिला कलेक्टर करवाएंगे। बीकानेर में परीक्षा को लेकर 22 फरवरी को कलेक्टर की अध्यक्षता में बैठक होगी। बोर्ड की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रश्न पत्र सीधे जिला मुख्यालयों के कोष कार्यालयों में रखवाए जाएंगे। उसके बाद उनका वितरण शुरू होगा। प्रश्न-पत्र स्कूल से संबंधित पुलिस थानों में रखवाए जाएंगे। जहां पुलिस थाने नौ किलोमीटर से अधिक दूर है उन स्कूलों में प्रश्न-पत्र सुरक्षा गार्ड की निगरानी में रहेंगे।
बोर्ड परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक इसी माह अजमेर में होगी। इस बैठक में राज्य के सभी मंडलों के उपनिदेशक(माध्यमिक) तथा जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) को बुलाया गया है। बैठक में केन्द्राधीक्षकों की नियुक्ति के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे तथा व्यवस्था की जानकारी ली जाएगी। बोर्ड परीक्षा परिणाम को लेकर संस्था प्रधानों की जिम्मेवारियां भी तय की जाएंगी।










