युवकों को चाकू मारे
उज्जैन & जीवाजीगंज थाना पुलिस के मुताबिक अब्दालपुरा निवासी पवन बल (२५) सोमवार रात दोस्त से मिलने जा रहा था। गीता कॉलोनी में दो लोगों ने उस पर हमला कर दिया। इसी तरह जांसापुरा निवासी मो. इदरिस खान (२५) को क्षेत्र के निवासी कासम ने चाकू मारकर घायल कर दिया। बच्चों के बीच हुए झगड़े को लेकर दोनों में विवाद हुआ था।
आरोपी के घर से चोरी का गेहूं बरामद
उज्जैन & चिमनगंज पुलिस ने उद्योगपुरी निवासी रईस उर्फ राजू के घर से चोरी की शंका में करीब 8 क्विंटल गेहूं बरामद किया है। चिमनगंज थाना टीआई राजेंद्रसिंह घुरैया के मुताबिक राजू गेहूं की बोरी लेकर जा रहा था। पूछताछ की तो उसने चोरी का गेहूं घर पर रखा होना बताया। टीआई के मुताबिक संभवत: यह गेहूं एफसीआई का हो सकता है।
युवक को जेल भेजा
उज्जैन & इंदिरानगर की एक किशोरी शनिवार दोपहर लापता हो गई थी। किशोरी की मां ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराते हुए इंदिरानगर के राजा सरदार पर पुत्री के अपहरण की शंका जाहिर की थी। पुलिस ने राजा के घर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। उसे जेल भेज दिया है।
पुलिस लाइन में चिकित्सा शिविर लगा
उज्जैन & देवासरोड स्थित पुलिस लाइन में लायंस क्लब उज्जैन साधना ने नि:शुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया। शिविर में २०० रोगियों का ब्लड प्रेशर, डायबीटिज, नेत्र रोग परिक्षण किया गया।










