दौलतसागरजी को मिलेगी पदवी
रतलाम & आचार्य दौलतसागरसूरिश्वरजी म.सा. को अहमदाबाद में १५ फरवरी को गच्छनायक की पदवी से अलंकृत किया जाएगा। आचार्यश्री एवं आचार्य हर्षसागरसूरी म.सा. आदिठाणा उज्जैन चातुर्मास करेंगे। इसमें रतलाम के कई श्रद्धालु हिस्सा लेंगे।
पारस भंडारी ने बताया धुंधड़का (मंदसौर) से आचार्य जीतरत्नसागर म.सा., मुनि निमेशरत्नसागर, साध्वी शासनज्योति, स्नेहज्योति रतलाम पधारे। सभी संतगणों ने चिंतामणि पाश्र्वनाथ जिनालय में दर्शनवंदन कर टीआईटी रोड स्थित जैन उपाश्रय में अल्पप्रवास कर भक्तामर तीर्थ धार के लिए प्रस्थान किया। श्री भंडारी ने बताया २६ फरवरी को भक्तामर तीर्थ शत्रुंजय गिरिराज की भावयात्रा महोत्सव मनाया जाएगा। इसी दिन जिनतीर्थ स्नेहालय में ३५० अनाथ बच्चों को रखा जाएगा। बच्चों के रहने, खाने, शिक्षा की व्यवस्था तीर्थ पेढ़ी करेगी।
दयानंद सरस्वती जयंती पर निकाली रैली
महर्षि दयानंद सरस्वती की १८६वीं जयंती आर्य समाज द्वारा धूमधाम से मनाई गई। आर्य समाज रेलवे कॉलोनी प्रधान रामकिशोर मिश्र ने बताया समाज एवं महर्षि दयानंद वैदिक उमावि के तत्वावधान में रैली निकाली गई जो इंदिरानगर, गांधीनगर, देवरादेवनारायणनगर, वरदाननगर से होती हुई विद्यालय परिसर पहुंची। इसके बाद विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा ऋषि के जीवन पर भजन गायन कर भाषण दिए गए। पूजा जैन, अंकिता, तृप्ति राठौर, रोशनी, अर्पित आदि मौजूद थे।
मांगल्य मंदिर धर्मक्षेत्र में महाशिवरात्रि महोत्सव आज
महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में मांगल्य मंदिर धर्मक्षेत्र में 9 फरवरी को महोत्सव मनाया जाएगा। श्री नारायणप्रेम सांई के सान्निध्य में होने वाले महोत्सव के दौरान सत्संग और शिव-कीर्तन का आयोजन होगा। इसके बाद श्री सांई तीन दिनी महोत्सव में शामिल होने के लिए बनारस रवाना हो जाएंगे। मांगल्य मंदिर धर्मक्षेत्र में महाशिवरात्रि पर्व पर पहली बार सत्संग महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसकी बड़े स्तर पर तैयारी की गई है। यहां श्री नारायणप्रेम सांई 9 फरवरी को शाम 4.00 बजे श्रद्धालुओं को संकीर्तन का रसपान कराएंगे। उन्होंने बताया महाशिवरात्रि पर्व पर आध्यात्मिक स्पंदनों वाले धार्मिक महत्व के स्थानों पर ब्रह्मज्ञान का सत्संग व शिव संकीर्तन में शामिल होने से लाभ मिलता है।
बनारस में होगा तीन दिनी सत्संग- मीडिया प्रभारी निलेश सोनी ने बताया श्री नारायणप्रेम सांई के सान्निध्य में बनारस में भी तीन दिनी ध्यान-योग-साधना व सत्संग महोत्सव मनाया जाएगा। श्री सांई मंगलवार को रतलाम स्थित मांगल्य मंदिर में सत्संग में भाग लेने के बाद बनारस के लिए रवाना होंगे। श्री सोनी के अनुसार रतलाम से पूर्व श्री सांई रावटी के ग्राम सेलेजदेवदा में दो दिनी सत्संग कर चुके हैं।










