अब मैं बिपाशा को कॉपी करूंगा
बॉलीवुड अभिनेता जॉन अब्राहम, बिपाशा बसु की चुस्त दुरूस्त काया से प्रभावित हो गये हैं और अब वह उन्हीं का अनुसरण करना चाहते हैं। जॉन ने आज यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैंने बिपाशा की कसरत वाली डीवीडी निजी तौर पर देखी। हालांकि, वह महिलाओं के लिये है लेकिन पाया कि वह पुरुषों के लिये भी उतनी ही अच्छी है। मुझे लगता है कि अब मुझे भी उनकी दिनचर्या अपनानी चाहिये।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वह काफी चुस्त दुरूस्त हैं।
मैंने जब हाल ही में उन्हें देखा तो मैं अवाक् रह गया और मैंने कहा कि असल में ऐसा नहीं हो सकता। वह श्रेष्ठ हैं। वह अपने जीवन की सबसे अच्छी काया में हैं।’’ अपनी सेहत चुस्त दुरूस्त रखने के लिये पहचानी जाने वाली बिपाशा ने पिछले सप्ताह कसरत के 25 मिनट के अनूठे कार्यक्रम ‘लव योरसेल्फ’ को पेश किया।
यह पूछने पर कि जॉन कब अपनी डीवीडी पेश करेंगे, 37 वर्षीय अभिनेता ने कहा कि उन्हें ऐसा करने में 15 से 20 वर्ष लग जायेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘मैं इसे अभी नहीं करूंगा। 15 से 20 वर्ष बाद करूंगा। जब मैं ज्यादा फिट हो जाउंगा, तब मैं डीवीडी लाउंगा।’’ पिछले वर्ष की हिट फिल्म ‘न्यूयॉर्क’ के बाद उनकी कोई फिल्म क्यों नहीं आयी है, इस पर जॉन ने कहा कि वह अब चुनिंदा और गुणवत्तापरक काम करने पर ध्यान केंद्रित किये हुए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘सफलता के लिये यह महत्वपूर्ण है कि आप कम काम करें। अब मैं गुणवत्तापूर्ण काम करना चाहता हूं। इससे पहले मैंने जो फिल्में कीं, उनकी पटकथा अच्छी नहीं थी।’’










