बर्फबारी से जीना हुआ दुश्वार, सैकड़ों लोग फंसे
बर्फबारी के कारण हिमाचल के ऊपरी इलाकों में लोगों का जीना मुहाल हो गया है। बर्फबारी के चलते कुल्लू मनाली का संपर्क कट गया है। मनाली एसडीएम राजेश्वर गोयल ने सोमवार को यहां बताया कि क्षेत्र में सैकड़ों पर्यटक और मजूदर फंसे हुए हैं।
जल विद्युत परियोजना चरण- 2 के मलाणा डैम साइट में भारी बर्फबारी के चलते 100 मजदूर दो दिन से फंसे हुए हैं। इनके पास ठंड से बचने की कोई व्यवस्था नहीं है। परियोजना का काम रैनिन इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के पास है। सीटू जिला कमेटी ने सोमवार को ज्ञापन सौंपकर परियोजना में फंसे मजदूरों को सहायता पहुंचाने का आग्रह किया है। सीटू जिला कमेटी के सचिव भूप ङ्क्षसह ने कहा कि मजदूरों के पास खाने की सामग्री खत्म होने वाली है, इसीलिए इनकी जल्द सहायता की जाए।
उधर, बर्फबारी के चलते कुल्लू में एचआरटीसी की करीब छह बसें फंस गई हैं। इनके फंसने से आम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।











