ऑस्ट्रेलिया ने स्वीकारा, हां हमले नस्लीय थे
सिडनी। ऑस्ट्रेलिया के विदेशमंत्री स्टीफन ने मंगलवार को संसद में ये बयान दिया कि हां, भारतीयों पर हुए हमले नस्लीय थे और उससे उनके देश की छवि खराब हुई है। स्टीफन स्मिथ ने अपनी सरकार की ओर से उन भारतीयों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की जिनके बच्चों पर ऑस्ट्रेलिया में हमले हुए थे। विदेशमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार की प्राथमिकता देश की छवि को सुधारना है।
स्टीफन ने कहा कि इन हमलों से न केवल उनके एजुकेशन लिंक्स को नुकसान पहुंचा है बल्कि इससे भारत के साथ उनके राजनीतिक संबंधो में खटास भी आई है। संसद को दोनों देशों के बीच संबंधों पर जानकारी देते हुए स्टीफन ने कहा कि भले देश में भारतीयों पर हुए सभी हमले नस्लीय न हो लेकिन इनमें से कुछ नस्लीय थे। भारतीय मीडिया में उठे बवाल से ऑस्ट्रेलिया की 15.4 बिलियन डॉलर एजुकेशन एक्सपोर्ट इंडस्ट्री को घाटा हुआ है।
विदेशमंत्री ने कहा कि भारतीयों के साथ लूट, मारपीट और हमलों की वारदातें अक्षम्य हैं औऱ उन्हें गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया की इन हमलों के चलते भारतीयों के बीच हमारी जो छवि खराब हुई है उसके प्रति ऑस्ट्रेलियाईयों को सावधान हो जाना चाहिए।



