चार पार्षद करेंगे पद खाली
स्थानीय करतार नगर में पार्क की जमीन पर निशान साहिब लगाने के बाद दो गुटों के बीच हुए झगड़े के बाद पार्षद द्वारा एसएचओ सिटी पर लगाए आरोपों से पुलिस एवं अकाली दल कार्यकर्ता आमने—सामने आ गए हैं। साथ ही अब यह विवाद मुख्यमंत्री के दरबार में पहुंच गया है।
इस विवाद में एक तरफ जहां एसएस बोर्ड के चेयरमैन संता सिंह उम्मैदपुरी द्वारा सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ एसएसपी खन्ना को निष्पक्ष जांच एवं उसके उपरांत ठोस कार्रवाई करने की बात कही थी। वहीं मुख्य संसदीय सचिव खालसा ने कहा इस घटना से आम सिखों एवं खासकर रविदासिया सिख भाईचारे में रोष है, अगर उक्त एसएचओ को बरर्खास्त न किया गया तो बात बहुत ऊपर जाएगी।
मामले में नया मोड़ जब आया तब मंगलवार को अकाली दल के चार पार्षदों लखबीर सिंह कलालमाजरा, राजिंद्र सिंह जीत, संत सिंह फौजी एवं प्रताप सिंह ज्योति ने एमएलए से मिलने के बाद अपने- अपने पद खाली करने का ऐलान करते हुए मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल से मिलने जाने के लिए प्रस्थान कर दिया। इसी बीच मुख्य संसदीय सचिव खालसा ने कहा कि लोगों चुने गए आगू को एक पुलिस कर्मी द्वारा पीटे जाने, पगड़ी उछालने, अभद्रता से पेश आने और बेइज्जती करने की घोर निंदनीय है। उन्होंने कहा कि पुलिस पर से शहरवासियों का पहले ही यकीन उठ चुका था और इस घटना ने तो सभी हदे पार कर दी। खालसा ने कहा कि हम इस बात को लेकर मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के पास जा रहे हैं कि जनप्रतिनिधियों को इंसाफ मिल सके। इस बारे में एसएसपी खन्ना सुखमिंद्र सिंह मान ने कहा कि एसपी डी खन्ना गुरमीत सिंह को इस मामले की जांच सौंपी गई है और जांच जल्द पूरी कर ली जाएगी। अगर जांच में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई से गुरेज नहीं की जाएगी। उधर,कथित आरोपी एसएचओ का कहना है कि पार्षद ने अपनी पगड़ी खुद ने उतारी है और इस बात का उसके पास पुख्ता साक्ष्य है।










