पूर्व मंत्री का बेटा जीता, पुत्रवधू हारी
अलवर। जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव में कई रोचक पहलू सामने आए। कई दिग्गज चुनाव हार गए तो कई दिग्गज अपने रिश्तेदारों की नैया पार लगाने में सफल रहे। इन चुनावों में कांग्रेस और भाजपा दोनों पार्टियों के दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई थी।
लक्ष्मणगढ़ में पूर्व मंत्री नसरूखां की पुत्रवधू पंचायत चुनाव हार गई जबकि बेटा जीत गया। नसरूखां का पुत्र मोहम्मद फारुख पंचायत समिति के वार्ड 21 से 82 वोटों से जीता है जबकि मोहम्मद फारुख की बीवी सलमा खातून को इसी पंचायत समिति के वार्ड 7 से 983 वोटों से पराजय का सामना करना पड़ा। इसके अलावा पूर्व विधायक राजेंद्रसिंह गंडूरा की पत्नी कुंतीदेवी कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में जिला परिषद के वार्ड 33 से पराजित हो गई। तीन प्रत्याशियों के बीच वे 3966 वोट लेकर अंतिम स्थान पर रही। लक्ष्मणगढ़ पंचायत समिति के वार्ड 15 से विजयी निर्दलीय शीलादेवी चुनाव से पहले कांग्रेस टिकट के लिए भागदौड़ कर रही थी, लेकिन टिकट नहीं मिलने पर उसने निर्दलीय चुनाव लड़कर जीत हासिल की।
जौहरी मीणा की पत्नी जीती
रैणी। राजगढ़ के पूर्व कांग्रेस विधायक जौहरीलाल मीणा की पत्नी पांचीदेवी रैणी पंचायत समिति के वार्ड 3 से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में जीती हैं। इसी पंचायत समिति के वार्ड 9 से पश्चिम बंगाल कैडर के आईपीएस अधिकारी लक्ष्मीनारायण मीणा की माता झूमा उर्फ झूमलीदेवी कांग्रेस टिकट पर चुनाव हार गई। वार्ड 3 से परिवहन निरीक्षक की पत्नी सुनीता देवी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव हार गई। पंचायत समिति के वार्ड 5 से रैणी के पूर्व प्रधान देवकरण मीणा की पत्नी किशनप्यारी चुनाव हार गई। वार्ड 13 से रैणी प्रधान जानकीदेवी की पुत्रवधू मंजूदेवी भाजपा प्रत्याशी के रूप में पराजित हो गई।
धर्मपाल की पुत्रवधू जीती, बारेठ की पत्नी हारी
खैरथल। पंचायत चुनाव में अनेक नेताओं ने वर्चस्व कायम रखते हुए जीत हासिल की है तो अनेक नेताओं को हार का मुंह देखना पड़ा है। जिला परिषद के वार्ड 10 से पूर्व संसदीय सचिव धर्मपाल चौधरी की पुत्रवधू मनीषा चौधरी (भाजपा) ने विजय हासिल की है। वार्ड 49 से पूर्व प्रधान रोहताश चौधरी की पुत्रवधू कविता चौधरी (कांग्रेस) भी जीत गई हैं। किशनगढ़बास पंचायत समिति के वार्ड 2 से थानागाजी विधायक हेमसिंह गुर्जर के साले की पत्नी किरणदेवी (भाजपा) ने विजय हासिल की। वार्ड 21 से किशनगढ़बास ब्लाक कांगे्रस अध्यक्ष संजीव बारेठ की पत्नी तपस्या बारेठ चुनाव हार गई।
डॉ.किरोड़ी की बहन निर्दलीय जीती
कठूमर। दौसा सांसद डॉ.किरोड़ीलाल मीणा की बहन मोहरबाई ममता कठूमर पंचायत समिति के वार्ड 15 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीती हैं। चर्चा है कि मोहरबाई ममता प्रधान का चुनाव लड़ेगी।










