ईरान ने की भारत-पाकिस्तान में मध्यस्थता की पेशकश
नई दिल्ली . ईरान ने भारत व पाकिस्तान के बीच प्रस्तावित विदेश सचिव स्तरीय वार्ता का स्वागत करते हुए दोनों देशों के बीच मतभेदों को सुलझाने में मध्यस्थता करने की इच्छा जताई है। भारत में ईरान के राजदूत सैयद मेहदी नबीजादेह ने कहा कि उनका देश भारत-पाक द्विपक्षीय वार्ता का हमेशा पक्षधर रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों का मित्र होने के नाते ईरान जरूरत पड़ने पर वार्ता में अहम भूमिका निभा सकता है।
ईरान के इस्लामिक गणराज्य बनने की ३१वीं वर्षगांठ के मौके पर मंगलवार को नबीजादेह ने ‘अच्छे तालिबान व बुरे तालिबान’ के मुद्दे पर भारत का समर्थन किया। उन्होंने क हा कि अच्छा या बुरा कुछ नहीं है, तालिबान तो सिर्फ तालिबान है।
अफगानिस्तान में विदेशी सेनाओं की मौजूदगी का विरोध करते हुए उन्होंने कहा कि भारत तथा अन्य पड़ोसी देश वहां शांति तथा विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सक ते हैं। भारत, ईरान और पाकिस्तान को मिलकर वहां शांति बहाली के लिए काम करना चाहिए। राजदूत ने कहा कि प्रस्तावित ईरान-पाकिस्तान-भारत गैस पाइपलाइन परियोजना पर उनका देश नई दिल्ली के निर्णय का अनिश्चितकाल तक इंतजार नहीं कर सकता। इस योजना के बारे में ईरान की पाक के साथ वार्ता आखिरी मुकाम तक पहुंच चुकी है।










