नशीला पेड़ा खिला चालक का अपहरण
भास्कर न्यूज & मंडी आदमपुर
भादरा रोड स्थित एक आरा मशीन के पास सोमवार को इंडिका कार में सवार तीन युवकों ने नशीला पेड़ा खिलाकर असरावां निवासी चालक राजेंद्र का अपहरण कर लिया। चालक को होश आया तो खुद को दिल्ली में बिना नंबर की एक स्कार्पियो में पाया। इसके बाद चालक अपहरणकर्ताओं को चकमा देकर भाग निकला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ले गए थे दिल्ली
चालक राजेंद्र ने मंगलवार को दिल्ली से गांव लौटने के बाद बताया कि वह सोमवार सुबह साढ़े 9 बजे टाटा सूमो आदमपुर में खड़ी करके पैदल क्रांति चौक की तरफ जा रहा था। वह आरा मशीन के पास पहुंचा तो पीछे से एक सिल्वर कलर की इंडिका कार आकर रुकी। उसमें ड्राइवर के अलावा दो युवक बैठे थे। उन युवकों ने अनाज मंडी का रास्ता पूछते हुए उसे कार में बिठा लिया। इंडिका में बैठे युवक पेड़े खा रहे थे। युवकों ने प्रसाद बताकर उसे भी एक पेड़ा खाने के लिए दे दिया। राजेंद्र ने बताया कि वह पेड़ा खाने के बाद बेहोश हो गया और आंंख खुलने पर खुद को रात करीब पौने 9 बजे दिल्ली के चांदनी चौक पर पाया। उस समय स्कार्पियो में केवल ड्राइवर बैठा था और दोनों युवक सामने ठेके पर शराब ले रहे थे।
उसके बाद दोनों युवकों ने ड्राइवर को भी शराब पीने के लिए रेहड़ी पर बुला लिया। उसने बताया कि ड्राइवर गाड़ी से नीचे उतरते ही वह उन्हें चकमा देकर भाग निकला। उसने वहां लालकिले के पास पहुंचकर एक पीसीओ बूथ से भाई सतबीर को आपबीती बताई। उसके बाद सतबीर ने दिल्ली में जामा मस्जिद के पास रह रहे एक जानकार के पास फोन किया तथा उसे रोहतक छोडऩे के लिए कहा। रोहतक में रिश्तेदार सीताराम के घर चला गया, जहां से परिजन रात को ही असरावां ले आए। राजेंद्र ने बताया कि अपहरण कर्ताओं ने उसके गले से सोने का लॉकेट,
दो अंगूठियां और 3700 रुपए निकाल लिए।










