धन जुटाने सड़कों पर उतरे नेता
इंदौर. भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के अधिवेशन के लिए मंगलवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र तोमर शहर की सड़कों पर धन जुटाने के लिए निकले। छावनी चौराहे से उन्होंने इसकी शुरुआत की। उन्होंन कहा आयोजन स्थल पर अभी सारा काम उधारी में हो रहा है।
पार्टी की साख को देखते हुए लोग काम करने के लिए आगे आए हैं। अगर ज्यादा राशि एकत्रित हुई तो उसका भी खुलासा किया जाएगा। भाजपा को जनता की पार्टी बताते हुए श्री तोमर ने कहा जनता के सहयोग से ही आयोजन संपन्न होगा। जब उनसे कांग्रेस के चंदा उगाही के आरोप पर सवाल पूछे गए तो उन्होंने तीखे अंदाज में कहा कि इंदौर कांग्रेस की बपौती नहीं है। कांग्रेस तय नहीं करेगी कि हमारा आयोजन कैसा और कहां हो।
भाजपा का अपना कार्यक्रम है और वह जहां चाहेगी आयोजित कर सकती है। श्री तोमर के अलावा शहर के सभी 69 वार्डो में पार्टी नेता और पार्षद राशि जुटाने के लिए बाजारों में घूमे। व्यापारियों सहित चाय-पान की दुकानों से भी सहयोग मांगा गया।
शाम चार बजे श्री तोमर और उद्योग मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने आयोजन स्थल का दौरा किया। यहां मीडिया से चर्चा में श्री तोमर ने कहा पांच हजार से ज्यादा प्रतिनिधियों के लिए यह अधिवेशन प्रेरणादायी होगा। वे बोले यहां की हर तैयारी से देशभर से आने वाले प्रतिनिधि सबक लेकर लौटेंगे। यह अधिवेशन पार्टी के इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा।
प्रीति करोसिया ने सौंपे एक लाख
नगर निगम में सबसे कम उम्र की पार्षद प्रीति करोसिया ने पार्टी के नगर अध्यक्ष को एक लाख रुपए सौंपे। उन्होंने धनसंग्रह के लिए एक-एक हजार रुपए के सौ कूपनों के जरिये यह राशि एकत्रित की है। उधर, शहर में सुबह सांसद सुमित्रा महाजन, भगवतशरण माथुर, महेंद्र हार्डिया, कृष्णमुरारी मोघे, रमेश मेंदोला, मालिनी गौड़, जीतू जिराती, मधु वर्मा, मुकेश राजावत आदि ने भी वार्डो में धनसंग्रह किया।
आठ संपेरे किए जाएंगे तैनात
अधिवेशन के लिए बसाए जा रहे गांव में गर्मी के कारण सांप निकल रहे हैं। फिलहाल आठ संपेरे आयोजन खत्म होने तक पूरे समय तैनात किए जाने का निर्णय लिया गया है। बुधवार को इनके लिए कार्ड बनाए जाएंगे।
तैयारियों में जुटे नेताओं के लिए सांपों ने मुश्किल खड़ी कर दी है। इससे निपटने के लिए पार्टी को सांप-बिच्छू विभाग तक बनाना पड़ा। अधिवेशन स्थल के आसपास के खेत में फसलें खड़ी हुई हैं। खेतों से सटा आयोजन स्थल होने के कारण सांप नजर आ रहे हैं। आयोजन स्थल पर बुधवार से बीन भी बजती सुनाई देगी।
सांप-बिच्छू विभाग के प्रभारी सुनील हार्डिया ने कहा आसपास के गांवों से संपेरे बुलाए गए हैं, फिलहाल आठ का चयन किया जाएगा। बुधवार को प्रदेश के उद्योग मंत्री की उपस्थिति में तैनात किए जाने वाले संपेरों के परिचय पत्र बनाए जाएंगे। तंबुओं के आसपास के बिलों को बंद करवाकर दवाओं का छिड़काव भी होगा।










