सुबह 6 बजे मिला आखिरी रिजल्ट
जिला परिषद सदस्यों के लिए सोमवार रात शुरू हुई काउंटिंग आखिरकार वार्ड नंबर 23 के परिणामों में आए गतिरोध के चलते मंगलवार सुबह 6 बजे पूरी हो पाई और कांग्रेस की रामजानकी को वार्ड 23 से 9 वोटों से विजयी घोषित किया गया। इस तरह 23 सदस्य वाली जिला परिषद में कांग्रेस के 15 और भाजपा के 8 सदस्य चुनकर पहुंचे हैं।
सोमवार रात दो बजे वार्ड 21 से कांग्र्रेस के सोपाल, 22 से कांग्रेस की हेमकंवर को विजयी घोषित करने से ठीक पहले वार्ड 23 से कांग्रेस की रामजानकी को आठ मतों से विजयी घोषित करने की तैयारियां हो गई थी। उसी समय भाजपा की कमला बाई के समर्थकों ने आपत्ति जता दी। भाजपा जिलाध्यक्ष कालूलाल जांगिड़, भूमि विकास बैंक चेयरमैन डॉ. सत्यनारायण गौतम की मौजूदगी में अधिकारियों ने दो—तीन बार अलग—अलग ढंग से मामले को दिखाया, लेकिन किसी को संतुष्ट नहीं कर पाए।
अंत में जिला निर्वाचन अधिकारी पूनम ने रात तीन बजे पूरे वार्ड की दुबारा काउंटिंग शुरू करवाई और सुबह 6 बजे परिणाम घोषित किया गया, जिसमें कांग्रेस की रामजानकी को 9 वोटों से विजयी घोषित किया गया।
परेशान रहा पूरा तंत्र
सोमवार सुबह 8 बजे शुरू हुई प्रक्रिया अगले दिन सुबह 6 बजे पूरी होने के कारण कलेक्टर सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और पुलिस जाब्ते के साथ—साथ डॉक्टर आदि परेशान हुए। परिणामों की घोषणा के बाद ही सब अपने घरों की ओर जा सके।











