नटवर की सुरक्षा वापस ली गई
नई दिल्ली. सरकार ने अतिमहत्वपूर्ण लोगों को दी जाने वाली जेड और जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा की समीक्षा की है। पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह को मिली सुरक्षा वापस ले ली गई है। अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष बूटा सिंह और समाजवादी पार्टी से निष्कासित सांसद अमर सिंह सहित कई अन्य वीआईपी की सुरक्षा में कटौती भी की गई है।
नटवर सिंह को जेड श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई थी। इस श्रेणी में 45 सुरक्षाकर्मी वीआईपी की सुरक्षा में शामिल होते हैं। नटवर सिंह का नाम 2005 में ‘‘ अनाज के बदले तेल ’’ घोटाले में आने के बाद उन्हें कांग्रेस से निष्कासित कर दिया गया था।
पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री बूटा सिंह की सुरक्षा में भी कटौती करते हुए उन्हें जेड प्लस की बजाए अब जेड श्रेणी की सुरक्षा दी जाएगी। सूत्रों के अनुसार बूटा सिंह की सुरक्षा में लगे एनएसजी कमांडो को अब वापस कर लिया जाएगा। हाल में बूटा सिंह का नाम उस समय सुर्खियों में आया जब उनके पुत्र सरबजोत सिंह पर रिश्वत लेने का आरोप लगा। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अमर सिंह के अलावा मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख सुरेश पचौरी की सुरक्षा में भी कटौती करने का फैसला किया गया है।










