छेड़खानी पर कर दी हत्या
जबलपुर. खेत में झोपड़ी बनाकर मजदूरी करने वाले दो परिवारों से लगातार हो रही छेड़छाड़ के विवाद ने पिछली रात्रि उग्र रूप धारण कर लिया, जिसके चलते एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी, वहीं दूसरा गम्भीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर उनकी पतासाजी शुरू कर दी है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनसुार कटरा बेलखेड़ा निवासी नोनेलाल गौंड़ व बबलू गौंड़ गांव के रामखिलावन राजौरिया के खेत में कार्य करते थे और दोनों वहीं झोपड़ी बनाकर अपनी पत्नियों के साथ रहते थे।
उसी खेत में कार्य करने वाले लखन चौधरी व कमलेश चौधरी मिलकर नोने व बबलू की पत्नियों से आये दिन छेड़छाड़ करते थे। दो दिन पहले भी दोनों ने अश्लील छेड़खानी की थी और इसके कारण विवाद हुआ था।
इस विवाद के बाद दोनों ने मिलकर योजना बनाई और लखन व कमलेश को ठिकाने लगाने की जुगत में भिड़ गए। पिछली रात्रि लखन व कमलेश खेत पहुंचे तो पहले से ही ताक लगाए बैठे नोने व बबलू ने लाठी व पाइप से उन पर प्राणघातक हमला बोल दिया।
अचानक हुए इस हमले में दोनों गम्भीर रूप से धायल हो गए। कमलेश के सिर में घातक चोटंे आने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं लखन बेहोश हो गया था जिसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया है।
घायल थाने पहुंचा
पाटन एसडीओपी आशीष खरे ने बताया कि पिछली रात्रि हुई वारदात में घायल लखन को आधी रात को होश आया तब उसने थाने पहुंचकर घटनाक्रम के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस पार्टी रवाना की गई लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा।
एक आरोपी गिरफ्तार
कटरा में बीती रात हुई हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपियों की सरगर्मी से तलाश करते हुए धनगवां थाना बेलखेड़ा निवासी बबलू गौड़ को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं एक अन्य आरोपी नोनेलाल की तलाश की जा रही है। -टी.के. विद्यार्थी ए.एस.पी. ग्रामीण











