- Home
Haryana
Bhiwani Zila
Charkhi dadri
किसानों को राहत, लोगों के लिए आफत
भास्कर न्यूज& चरखी दादरी
रात भर रूक-रूक कर हुई बूंदाबांदी से जहां किसानों के चेहरे खिल गए वहीं जगह-जगह पानी जमा होने व कीचड़ होने से नागरिकों को अनेक प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ा। रात को क्षेत्र में लगभग 4 एमएम वर्षा दर्ज की गई। सोमवार सुबह से ही आसमान में बादल छा गए थे तथा सायं तक दो तीन बार रूक रूक कर बूंदाबांदी होने से मौसम खुशगवार बन गया था। मंगलवार को सुबह का तापमान 16 डिग्री दर्ज किया गया।
ये होगा बरसात से फायदा
रात व सुबह हुई बरसात से फसलों को काफी लाभ मिलेगा। इस समय जहां सरसों का पकाव शुरू होने वाला है वहीं गेहूं व चने की फसल यौवन पर है। इस बरसात से फसलों को एक पानी की पूर्ति हो गई। इस समय फसलों को सिंचाई की आवश्यकता बनी हुई थी। विशेषकर चने की फसलों के लिए तो यह बरसात सोने से कम नहीं है। गौरतलब है कि चने की फसल की भूमिगत जल से सिंचाई नहीं की जा सकती तथा नहरी पानी की कमी बनी रहती है। इसलिए यह बरसात चने की फसल के लिए काफी लाभकारी
मानी गई है।
खाद का छिड़काव करें : सिहाग
उपमंडल कृषि अधिकारी राजेश सिहाग ने बरसात को फसलों के लिए काफी लाभप्रद माना है। उन्होंने किसानों को गेहूूं की फसल में खाद का छिड़काव करने को कहा ताकि मौसम में आई नमी का फायदा मिल सके।
दूसरी तरफ बूंदाबांदी से नगर के अनेक क्षेत्रों में या जलभराव या फिर कीचड़ की अधिकता बन गई है। इससे राहगीरों को आने जाने में परेशानी हुई।









